सीएम का पीएम पर हमला कहा, लोग ढूंढ रहे कि अच्छे दिन कहां है

समाजवादी पार्टी (सपा) में वर्चस्व को लेकर ‘यादव परिवार’ में छिडी रार के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि अब वह समय आ गया है जब जनता को तय करना है कि लुभावने नारे देने वाली सरकार चाहिए अथवा काम के जरिए सूबे को विकास के पथ पर ले जाने वाली उनकी पार्टी को फिर से सत्ता की चाबी सौंपनी है।
सबसे बड़ा खुलासा: पंजाब, उत्तराखंड यूपी समेत इन राज्यों में बनेगी बीजेपी सरकार: सर्वे![]()
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर किया कटाक्ष
चुनाव का बिगुल बजने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी दो बार लखनऊ आए। लोगों को उम्मीद थी कि कुछ देकर जाएंगे मगर जनता को क्या मिला सबको पता है। लोग ढूंढ रहे होंगे कि अच्छे दिन कहां है। अब तो आकलन करना होगा कि लैपटॉप किसने बांटा और डिजिटल इंडिया का नारा किसने दिया। उत्तर-प्रदेश प्रवासी दिवस 2017 सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने यहां कहा कि मैं आपसे ऐसे दिन मिल रहा हूं जब हम जनता के बीच जाने वाले हैं। मुझे लगता है कि यह पहला चुनाव है जब लोगों ने मन बना लिया है कि किसको लेकर आना है। अगली बार सत्ता में आने पर विकास कार्यो को और गति दी जाएगी।
राज्य सरकार ने शहर में 24 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली दी
उन्होंने दावा किया कि 23 महीनों में इतना बड़ा एक्सप्रेस-वे बनाने वाली देश में उनकी इकलौती सरकार है। सूबे में सबसे बड़े मेट्रो रेल परियोजना पर काम चल रहा है। लखनऊ मेट्रो का काम पूरा होने वाला है। गाजियाबाद मेट्रो का काम चल रहा है और नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ा गया। यादव ने कहा कि अच्छे दिन के नारे को उनकी सरकार ने जमीन पर उतारा है। राज्य सरकार ने शहर में 24 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली दी। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से कहा कि उनका भारत से गहरा रिश्ता है और उन्हें मिलकर ऐसी चीज तैयार करनी चाहिए जिससे देश के लोगों का भला हो सके।





