राबर्ट्सगंज से दो मासूमों को एक युवक लेकर फरार, खोजबीन के दौरान अपहर्ता व बच्चे बरामद

राबर्ट्सगंज नगर के पूरब मोहाल वार्ड नंबर एक निवासी पप्पू के दो मासूम बच्चों को एक युवक लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना जब पुलिस को मिली तो उनमें हड़कंप मच गया। आनन-फानन मोहल्ले व नगर के महत्वपूर्ण स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जाने लगा। पुलिस अधीक्षक ने भी मौका मुआयना कर तत्काल चार टीम बनायी और सभी को अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के लिए रवाना कर दिया। उधर दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों बच्चों के साथ अपहर्ता युवक को दोपहर में ही दबोच लिया।
पूरब मोहाल निवासी पप्पू की मां कहीं मजदूरी करने के लिए सुबह करीब साढ़े सात बजे जा रही थीं। जब वह घर से निकलीं तो पप्पू का पुत्र चार वर्षीय गोलू व तीन वर्षीय अनुज भी पीछे लग गए। वे अपनी दादी से पैसे मांग रहे थे, घर से पैसा मांगते-मांगते सड़क तक आ गए। इसी बीच एक युवक मिला जो बच्चों की दादी के जाते ही उन्हें टॉफी दिलाने के लिए पास की दुकान पर ले गया। वहां टॉफी दिलाया और बच्चों को भी लेकर चला गया।
वहीं पास में खेल रही पप्पू की बड़ी लड़की सात वर्षीय रानी ने जब अपने भाइयों को कहीं आस-पास नहीं पायी तो घर जाकर मामले की जानकारी दी। मोहल्ले में खोजबीन शुरू हुई। इसी बीच किसी ने फोन कर पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने भी मोहल्ले में पहुंचकर दुकानदार व अन्य लोगों से पूछताछ किया। इसके बाद सीओ सदर अभिनव यादव, राबर्ट्सगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नवीन तिवारी, चौकी प्रभारी वेंकटेश तिवारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें जांच के लिए रवाना कर दी गईं।
काफी प्रयास के बाद राबर्ट्सगंज नगर से गायब बच्चों को पुलिस ने छह घंटे बाद नगर के नवीन मंडी समिति के पास से बरामद कर लिया। पुलिस खोजबीन कर ही रही थी कि दोपहर लगभग सवा एक बजे नगर के नवीन मंडी परिसर के पास स्थित एक दुकान पर एक युवक के साथ दो बच्चों को देखा। पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो वह इधर उधर की बातें करने लगा। इस दौरान पुलिस युवक व बच्चों को कोतवाली लाई। जहां बच्चों की पहचान पप्पू के पुत्र के रूप में हुई। पुलिस दोनों बच्चों को परिजनों के हवाले कर दिया है साथ ही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।





