छह साल के मासूम का अपहरण कर गला दबाकर की हत्या, फिर डस्टबिन में ठूंसकर फेंका शव

जिले में घर के बाहर गायब हुए बच्चे का शव डस्टबिन में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि अपहरकर्ताओं ने पहले बच्चे का अपहरण किया, उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। शव को डस्टबिन में ठूंस कर फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच में लगी है। 
ये है पूरा मामला
मामला जरवल कस्बा क्षेत्र के चौक इलाके का है। यहां के निवासी विवेक कुमार गुप्ता के छह साल के बेटे आर्य कुमार का मंगलवार दोपहर करीब एक बजे घर के बाहर से अपहरण कर लिया गया। काफी तलाश के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो परिवारजन ने पुलिस को बेटे के अपहरण की तहरीर दी। बुधवार की सुबह एक खाली प्लॉट में डस्टबिन के अंदर बच्चे शव पड़ा मिला। सूचना पर एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर फॉरेंसिक व फिंगर एक्सपर्ट टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक बच्चे की शिनाख्त आर्य कुमार के रूप में हुई।
अपहरकर्ताओं ने हत्या का फेंका शव
आशंका जताई जा रही है कि अपहरकर्ताओं ने मासूम की हत्या करने के बाद उसका शव डस्टबिन में रखकर एक खंडहर में फेंक दिया। घटना से लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त है। एसपी ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए पीड़ित परिजनों ढाढंस बधाते हुए जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया।





