शराब पीने के बाद मीट पार्टी के दौरान हुआ विवाद पिता व तीन पुत्रों पर दर्ज हुआ मुकदमा मुख्य आरोपित गिरफ्तार

चांदपुर थाने के बडिग़वां गांव में मीट व शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में दोस्त ने ही भाइयों व पिता के साथ युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पिता व तीन पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोंदहा गांव निवासी 36 वर्षीय मनोज कुमार पटेल को उसके दोस्त पड़ोसी गांव बडिग़वां निवासी मोहित सिंह ने रविवार की शाम करीब पौने सात बजे मीट व शराब पार्टी के लिए बुलाया था। मनोज बाइक से सठिगवां पहुंचा तो चौराहे पर मोहित खड़ा मिला। यहां से दोनों एक ही बाइक में अमौली गए और वहां पर शराब पी। मोहित ने अमौली के एक होटल में मीट बनवाया। इसके बाद घर में चलकर खाने की बात कहकर मीट लेकर मनोज के साथ आ गया। घर पहुंचकर दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद खाने की थाली लगाई गई तभी दोनों के बीच विवाद हो गया।
.jpg)
इस पर मोहित ने पास में ही रखी चाकू से मनोज पर वार कर दिया। मनोज बचाव के लिए उठा तभी मोहित के पिता जयचंद व भाई रोहित व शिवम भी आ गए। पास में ही पड़े चारपाई का पावा उठा सिर में वार कर दिया, जिससे मनोज गिर गया। इनके बाद चारों ने चाकू व चारपाई के पावा से और कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। थाना प्रभारी कैलाश नाथ ने बताया मीट खाने के दौरान विवाद होने पर मनोज की हत्या कर दी गई है। खबर मिलते ही रात में पुलिस पहुंची। सभी हत्यारोपित मौके से फरार हो गए थे। मुख्य आरोपित मोहित को पकड़ लिया गया है। मनोज के भाई अजय पाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
शराब की बोतल व मीट मिला
पुलिस को मौके में खाने के लिए लगी मीट की दो थालियां और शराब की खाली बोतल मिली। पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया घटना मामूली विवाद ही सामने आया है। हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।





