बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर हत्‍या व लूट सहित हुईं कई बड़ी आपराधिक वारदातें….

कानून-व्‍यवस्‍था के सवाल पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की हाई लेवल बैठक के बाद भी पुलिस के संबंधित अधिकारी चेते नहीं हैं। परिणाम यह कि संगीन आपराधिक वारदातों में कमी नहीं दिख रही है। बीती शाम से आज तक लूट व हत्‍या के कई वारदातों से बिहार दहल उठा है।

बेगूसराय: शराबी पति ने रेता पत्नी का गला
मुफलिसी थाना क्षेत्र के रमदीरी नक्टी निवासी अर्जुन सिंह के पुत्र राकेश ने अपनी पत्नी कुंदन देवी की शनिववार की देर रात हत्या कर दी। उसकी गर्दन धारदार हथियार से काटी गई। लोगों ने बताया की चार माह पूर्व कुंदन की शादी राकेश कुमार के साथ हुई थी। शादी में शाहपुर निवासी लड़की के पिता रामवदन सिंह ने पुत्री कुंदन देवी के नाम से ढाई लाख रुपये बैंक में जमा करवा दिए थे। शादी के बाद से ही राकेश, कुंदन पर राशि निकाल कर देने का दबाव बना रहा था। इसके लिए घर में आए दिन कलह होती थी। शनिवार की रात में भी राकेश शराब पीकर घर आया और कुंदन से झगड़ा करने लगा। बातचीत कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान राकेश ने पत्नी पर धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गाई। 


पटना: हवलदार पुत्र की नाले में डुबोकर हत्या
पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की बिंदेश्वरी कॉलोनी में रहने वाले हवलदार रामशंकर सिंह के 15 वर्षीय बेटे रवि कुमार की अज्ञात बदमाशों ने शनिवार की रात नाले में डुबोकर हत्या कर दी। उसका शव राजीव नगर रोड नंबर तीन के सामने नाले से बरामद किया गया। रामशंकर मोतिहारी जिला बल में हवलदार हैं। रवि नौवीं कक्षा का छात्र था। शव मिलने के बाद परिजनों के साथ स्थानीय लोग उग्र हो गए और हंगामा पर उतर आए। डीएसपी (विधि-व्यवस्था) डॉ. राकेश कुमार ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार शाम रवि अपने दोस्त विशाल व एक अन्य के साथ घर से निकला था। नौ बजे तक वह लौटकर नहीं आया तब घर वालों ने खोजबीन शुरू कर दी। राजीव नगर रोड नंबर तीन के सामने नाले में एक स्थानीय व्यक्ति ने रवि का शव देखा और शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रवि को अंतिम बार विशाल के साथ देखा गया था। वह राजीवनगर में एनआरआइ प्लाजा बिल्डिंग में रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
गया: युवक की पीट-पीटकर हत्‍या 
गया के रामपुर थाना क्षेत्र ग्वारटोली में शनिवार की देर रात 22 वर्षीय सन्नी यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से सनी को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
नगर पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार शाह ने बताया कि युवक हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करता था। शनिवार की देर रात वह हरियाणा से अपने घर गेवाल बिगहा लौट रहा था । इसी क्रम में अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी।
इधर, मृतक के पिता ने कुछ स्थानीय लोगों पर घटना में संलिप्‍तता की आशंका जाहिर की है। एक सप्ताह में गेवाल बिगहा क्षेत्र में यह तीसरी घटना है।

कैमूर: युवक की गोली मारकर हत्या
कैमूर जिला मुख्‍यालय भभुआ के दक्षिण मोहल्ला में रहने वाले एक युवक अनिल कुमार गुप्‍ता का शव रविवार की सुबह मिला। बीती रात अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब कुछ लोग सुबह में टहलने के लिए निकले।
मिली जानकारी के अनुसार अनिल कुमार गुप्ता शनिवार की रात घर खाना खाने के बाद भाभी से यह कह कर निकले थे कि कुछ देर में आ रहे हैं।  लेकिन वे घर नहीं आए। परिजनों को आशंका है कि हत्‍या रात दो से तीन बजे के बीच की गई होगी। उन्‍हें बताया कि घटना कहीं और कर शव को सींवो चौक के पास लाकर रख दिया गया। भभुआ थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शिवहर: गांव में फायरिंग, दो जख्मी
शिवहर जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर पश्चिम सुगिया गांव में अपराधियों ने फायरिंग कर दो व्यक्तियों को गंभीर रुप से घायल कर दिया है। वार्ड 16 में हुई घटना में सोनेलाल सहनी के पेट में तो इंद्रजीत सहनी के सिर में गोली लगी है। आनन-फानन में दोनों को मुख्यालय स्थित मातृ-शिशु अस्पताल लाया गया, जहां एक भी डॉक्टर नहीं होने से जैसे-तैसे प्राथमिक उपचार कर उन्‍हें मुजफ्फरपुर रेफर किया गया।

घटना का कारण दो पक्षों में पूर्व से चल रहा विवाद बताया गया है‌ । इसके पहले भी वहां फायरिंग हुई थी। सूत्रों की मानें तो सुगिया गांव में सहनी टोला एवं ब्राह्मण टोला के बीच पूर्व से ही तनावपूर्ण स्थिति रही है। इसकी परिणति आज फिर गोलीबारी के रुप में हुई है। गोली किसने चलाई यह स्पष्ट नहीं है, किंतु जख्मी सोनेलाल सहनी एवं इंद्रजीत सहनी का स्पष्ट तौर पर आरोप है कि उसी पक्ष के लोगों ने गोली मारी है।

एसडीपीओ सह प्रभारी आरक्षी अधीक्षक राकेश कुमार ने कहा है कि पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। अब तक ज्ञात सूत्रों से घटना की वजह दो पक्षों के बीच चला आ रहा पुराना विवाद है।

पूर्वी चंपारण: पंचायत सचिव की गोली मार हत्या

पूर्वी चंपारण जिले के पताही-शिकारगंज पथ पर शनिवार की देर शाम बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने फेनहारा प्रखंड के पंचायत सचिव रामाज्ञा बैठा की गोली मार हत्या कर दी। अपराधियों ने गोली मारने के बाद उनकी ग्लैमर बाइक लूट ली और भाग निकले। बताया गया है कि तीन अपराधी एक बाइक पर सवार थे। मौका मिलते ही उन्‍होंने बड़का बलुआ गांव के पास रामाज्ञा को गोली मार दी और भाग निकले।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विकास तिवारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस की टीम ने जख्मी को पताही प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पहुंचाया, लेकिन मौके पर चिकित्सक गायब मिले। इस बीच जख्मी ने दम तोड़ दिया। पकड़ीदयाल (के डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय के अनुसार पंचायत सचिव मुरली गांव के निवासी थे। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर इसे लूट के दौरान हत्‍या मानकर पुलिस अपराधियों की खोज में छापेमारी कर रही है।

समस्‍तीपुर: बैंक पीओ समेत दो गोली मारी, एक की हालत नाजुक|
समस्तीपुर: मुफस्सिल थाना के गरुआरा चौर में शनिवार की शाम बाइक सवार अपराधियों ने एक बैंक पीओ समेत दो युवकों को गोली मारकर जख्मी कर दिया। इनमें एक की स्थिति गंभीर बताई गई है। दोनों एक ही बाइक पर मुजफ्फरपुर से परीक्षा देकर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार उजियारपुर थाना क्षेत्र के महथी पचपैका गांव निवासी राम स्वार्थ पासवान के 30 वर्षाीय पुत्र एवं विभूतिपुर प्रखंड के साखमोहन में बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा में पीओ के पद पर पदस्थापित श्याम किशोर स्‍टेट बैंक की परीक्षा देने के लिए मुजफ्फरपुर गए थे। बातचीत के क्रम में परीक्षा दे रहे बेगूसराय जिला के बरौनी डेयरी थाना निवासी सुरेन्द्र प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के साथ उनकी दोस्ती हुई। परीक्षा के बाद दोनों एक ही बाइक से समस्तीपुर लौट रहे थे। इसी बीच रास्‍ते में गरुआरा चौर में बाइक सवार अपराधियों ने लूटपाट करने की नीयत से ओवरटेक कर उन्‍हें रोकना चाहा। नहीं रूकने पर दोनों पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। गोली बैंक पीओ श्याम किशोर के हाथ को छेदते हुए आदित्य कुमार की पीठ में गोली जा लगी। इसके बावजूद दोनों नहीं रूके और जख्मी अवस्था में ही बाइक चलाते हुए सीधे मुफस्सिल थाना पहुंचे। वहां आकर दोनों अचेते हो गए।
पुलिसकर्मियों ने दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में आदित्य कुमार को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं श्याम किशोर का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
डीएसपी प्रीतिश कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर दोनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराधियों की खोज के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
सीतामढ़ी: युवक को सरेआम मार दीं 16 गोलियां 

सीतामढ़ी के सुप्पी  थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में अपराधियों ने शनिवार की रात गौरी शंकर सिंह के पुत्र पंकज सिंह को सरेआम सड़क पर गोली मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बदमाशों ने कुल 16  गोलियां मारी। अधमरी अवस्था में परिजनों ने जख्मी को इलाज के लिए सीतामढ़ी शहर स्थित नंदीपत मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया गया है कि पंकज सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर थाने में कई मामले दर्ज है। कुछ माह पूर्व ही वह जेल से निकला है। जेल से निकलने के बाद वह पुलिस के लिए मुखबिरी का काम कर रहा था। इस कारण पंकज इलाके के अपराधियों और शराब मफियाओं के निशाने पर था।

Back to top button