20 जुलाई को रात नौ बजे हज यात्रा के लिए पहली उड़ान, 300 आजमीनों को किया जाएगा रवाना ….

 मुकद्दस सफर पर आजमीनों को लेकर उड़ान भरने वाली फ्लाइट के शेड्यूल में बदलाव कर दिया गया है। अब 20 जुलाई को राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हज यात्रा का पहला उड़ान सऊदी अरब के लिए रवाना होगा। इस बीच 49 उड़ानों से करीब 14700 आजमीनों को भेजा जाएगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने हज उड़ानों को करीब 15 दिन आगे बढ़ाते हुए फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया है।

इस बार प्रदेश से करीब 34 हजार आजमीनों को हज यात्रा का मौका नसीब होगा। इसमें प्रतिक्षा सूची के 4500 आवेदकों का चयन किया गया है। इन चयनित आवेदकों को लखनऊ, वाराणसी व नई दिल्ली से जद्दाह भेजा जाएगा। लखनऊ एयरपोर्ट से 20 जुलाई को रात नौ बजे 300 आजमीनों को रवाना किया जाएगा। इसी तरह 25, 27 व 29 जुलाई को चार और 28, 30 व चार अगस्त को दो उड़ाने रवाना होगी, जबकि शेष सभी दिनों में रोजाना तीन उड़ानों से करीब 900 आजमीनों को भेजा जाएगा। अंतिम उड़ान पांच अगस्त को रवाना होगी, जबकि उड़ान वापसी का सिलसिला 28 अगस्त से शुरू होगा, जो 12 सितंबर तक जारी रहेगा। इस संबंध में स्टेट हज कमेटी के सहायक सचिव जावेद अहमद ने बताया कि सेंट्रल की ओर से फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसलिए वह आजमीन जिन्होंने अभी तक हज यात्रा की तीसरी किस्त के साथ अन्य औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं, वह जल्द पूरी कर लें।

टीकाकरण व हज कैंप 20 जून को

हज यात्रा पर रवानगी से पहले आजमीनों का टीकाकरण होना है। साथ ही उनको हज यात्रा की बारीकियों से रूबरू कराने के लिए ट्रेनिंग दी जानी है। हज यात्रा पर जाने से पहले आवेदकों को दिमागी बुखार के टीके लगते हैं। स्टेट हज कमेटी ने प्रदेश के सभी चयनित आवेदकों का टीकाकरण कार्य पूरा करने के साथ उनको हज की ट्रेनिंग देने के लिए जिलेवार तिथि घोषित की है। 20 जून को राजधानी के सरोजनी नगर स्थित हज हाउस में टीकाकरण व ट्रेनिंग कैंप लगाया जाएगा, जिसकी सूचना आजमीनों को दी जाएगी।

Back to top button