राजस्थान के झुंझुनूं में किशोर दवारा दुष्कर्म की शिकार नाबालिग ने एक बच्ची को दिया जन्म

राजस्थान के झुंझुनूं में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने गुरुवार रात को एक बच्ची को जन्म दिया है। नाबालिग के साथ उसके ही गांव के एक किशोर ने नौ माह पहले दुष्कर्म किया था। मामले का खुलासा होने के बाद अब आरोपित किशोर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपित भी नाबालिग बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मामला मलसीसर थाना इलाके के एक गांव से जुड़ा हुआ है। झुंझुनूं में गुरुवार रात को एक निजी अस्पताल में 15 साल की नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया। मुखबिर की सूचना पर महिला थाने में स्थित महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र की टीम अस्पताल पहुंची तो इस मामले का खुलासा हुआ। करीब नौ माह पहले नाबालिग स्कूल जा रही थी उस दौरान के गांव के ही एक किशोर ने उससे दुष्कर्म किया।

आरोपित ने इस संबंध में किसी को भी नहीं बताने की धमकी दी थी। इस पर नाबालिग चुप रही और बाद में गर्भवती हो गई। समाज में इज्जत के कारण चुप बैठी नाबालिग ने गुरुवार रात को एक निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। नवजात पूरी तरह से स्वस्थ है। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान लेकर आरोपित के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है ।

Back to top button