विशेष एनआइए जज ने प्रज्ञा ठाकुर से किये सवाल, जवाब दिया मुझे नहीं पता

Malegaon blast case मालेगांव ब्लास्ट मामले में विशेष एनआइए जज ने प्रज्ञा ठाकुर से पूछा कि अब तक जांच के दौरान सभी गवाहों ने कहा है कि 29 सितंबर 2008 को एक धमाका हुआ था जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी। आपका क्या कहना है? जिस पर उसने जवाब दिया- ‘मुझे नहीं पता।Ó गौरतलब है कि प्रज्ञा ठाकुर को गुरूवार को भी कोर्ट में हाजिर होना था लेकिन वह नहीं पहुंची। इस हफ्ते में यह दूसरा मौका था, जब वह कोर्ट में नहीं पहुंची। उनके वकील प्रशांत मागू ने कोर्ट से कहा, वह हाई ब्लड प्रेशर से परेशान हैं और सफर नहीं कर सकतीं, हालांकि अदालत ने उन्हें एक दिन की मोहलत देते हुए शुक्रवार को पेश होने के लिए निर्देश दिया था, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार होने को कहा था।
ज्ञात हो कि प्रज्ञा ने हाल ही में हुए लोकसभा के आमचुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट पर हराया था। प्रज्ञा 2008 में हुए मालेगांव बम विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर, 2008 में मालेगांव में एक बम धमाके में सात लोगों की मौत हुई थी और 100 से ज्यादा घायल हो गए थे। इस मामले में साल 2008 में स्वामी असीमानंद, कर्नल पुरोहित और साध्वी प्रज्ञा सिंह को गिरफ्तार किया गया था। पहले सरकार ने मामले की जांच एटीएस को सौंपी थी जिसे बाद में एनआइए के हवाले कर दिया गया था।





