पुलवामा पुलिस लाइन से फरार दोनों एसपीओ आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ जा मिले…

दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा के लस्सीपोरा इलाके के पंजारण क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई भयंकर मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकवादियों मारे गए हैं। मारे जाने वाले आतंकवादियों में दो वे एसपीओ भी शामिल हैं जो कुछ दिन पहले पुलवामा पुलिस लाइन से अपनी राइफल लेकर भाग गए थे।सुरबक्षाबलों ने भी एसओजी के दोनों एसपीओ की मौत की पुष्टि की है। हालांकि मुठभेड़ में मारे गए चार आतंकवादियों में से एक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हथियारों सहित पुलवामा पुलिस लाइन से फरार दोनों एसपीओ शबीर अहमद और सलमान अहमद आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ जा मिले थे। मारे गए अन्य दो आतंकवादियों की पहचान अरिहाल पुलवामा के रहने वाले इमरान अहमद और पंजरान के आदिल अहमद के रूप में हुई है। परंतु इनकी पहचान की अधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि एसपीओ शबीर अहमद जोकि तुजान पुलवामा कर रहने वाला था, पहले से इमरान अहमद को जानता था। वह एसपीओ होते हुए भी जैश के लिए ओवरग्राउंड वर्कर के तौर पर काम करता था। अपने दोस्त के कहने पर भी वह और उसका दूसरा साथी सलमान जोकि उथमुला शोपियां का रहने वाला है, के साथ राइफल व गोला-बारूद सहित पुलिस लाइन से भाग संगठन से जा मिले।

सुरक्षाबलों को कल देर शाम यह सूचना मिली की कि कुछ आतंकी लस्सीपोरा इलाके के पंजारण क्षेत्र में छिपे हुए हैं। दरअसल आदिल अहमद पंजारण का ही रहने वाला है और वह अपने परिजनों से मिलने के लिए यहां आया हुआ था। पुलिस लाइन से फरार दोनों एसपीओ भी वहां मौजूद थे। सूचना मिलते ही सेना व पुलिस की एसओजी टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों को आत्म समर्पण करने के लिए कहा परंतु उन्होंने इसे नामंजूर करते हुए सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दी।

करीब 16 घंटे तक चली इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने चारों आतंकवादियों को मार गिराया गया। शवों की जांच करने पर पाया गया कि मारे जाने वाले चार आतंकवादियों में दो भगौड़े एसपीओ भी शामिल हैं।

Back to top button