पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों पर सामान्य वर्ग की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू, कर्मचारी चयन आयोग ने उठाया यह कदम

हरियाणा में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों को सामान्य वर्ग से भर जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। रिक्त पिछड़ा वर्ग की सी ब्लॉक कैटेगरी में शामिल छह जातियों, विशेष पिछड़ा वर्ग और ईबीपीजी कोटे (सामान्य जातियों में आर्थिक आधार पर पिछड़े लोग) को आरक्षण खत्म करने के बाद अब प्रदेश में सरकारी नौकरियों में रिक्त पदों का निर्धारण नए सिरे से होगा।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने विभिन्न महकमों और बोर्ड-निगमों के नोडल अधिकारियों द्वारा पिछले महीने दिया गया भर्तियों का मांगपत्र वापस लौटा दिया है। सभी महकमों को नई व्यवस्था के अनुसार जूनियर इंजीनियर, पटवारी, क्लर्क और चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए ऑनलाइन मांगपत्र फिर से एचएसएससी को भेजने होंगे।
एचएसएससी ने लौटाए जेई, पटवारी, क्लर्क और ग्रुप डी की भर्तियों के मांगपत्र
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिया है कि उनके महकमों में रिक्त पदों पर भर्तियों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को पंचकूला भेजें। बैठक में आरक्षण के नए प्रावधानों के अनुसार रिक्त पदों को वर्गीकृत करते हुए मांगपत्र तैयार किए जाएंगे। सभी नोडल अफसरों को मांगपत्र की हार्ड कॉपी के साथ एचकेसीएल (हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड) ऑफिस बुलाया गया है, ताकि तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा सके।
नए सिरे से होगा पदों का निर्धारण, आज पंचकूला में जुटेंगे 152 विभागों के नोडल अधिकारी
इससे पहले मई के दूसरे पखवाड़े में लगातार चार दिन तक 152 विभागों और बोर्ड-निगमों के नोडल अधिकारियों ने लगातार बैठकें कर कुल स्वीकृत पदों, मौजूदा स्टाफ और रिक्त पदों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद सभी विभागों की ओर से रिक्त सीटों के मांगपत्र एचएसएससी को ऑनलाइन भेजे गए।
इन पदों पर भर्ती की तैयारी चल ही रही थी कि बुधवार को सरकार ने हाईकोर्ट में चल रहे केसों के चलते आरक्षण को लेकर नई गाइडलाइन तय कर दी। अब आरक्षण के नए प्रावधानों के अनुसार रिक्त पदों के मांगपत्र तैयार कर कर्मचारी चयन आयोग को भेजे जाएंगे।
पिछड़ा वर्ग की सी ब्लॉक कैटेगरी, विशेष पिछड़ा वर्ग और ईबीपीजी कोटे में बदलाव से बदला भर्तियों का शेड्यूल
बता दें कि नई व्यवस्था के अनुसार जाट, जट सिख, रोड़, बिश्नोई, त्यागी और मुल्ला जाट-मुस्लिम जाटों के लिए आरक्षित पदों को सामान्य जातियों के उम्मीदवारों से भरा जाएगा।
विशेष पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों पर भी सामान्य वर्ग के युवाओं की भर्ती की जाएगी। इसी तरह ईबीपीजी (सामान्य जातियों में आर्थिक आधार पर पिछड़े लोग) कैटेगरी में शामिल ब्राह्मण, बनिया, राजपूत व पंजाबी के लिए आरक्षित पदों को दूसरी जातियों के आर्थिक रूप से कमजोर उम्मीदवारों से भरा जाएगा।





