बीती रात आई तेज आंधी से उखड़ गया पेड़, सो रहे वृद्ध की दबकर हुई मौत

बीती रात आई तेज आंधी से बेला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खुदे मरादी के मजरा भैसनिया में नीम का पेड़ गिर गया। जिससे घर के बाहर सो रहे वृद्ध, उनका बेटा व चचेरे भाई दब गए। इससे वृद्ध की मौत हो गई जबकि बेटे व चचेरे भाई को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है। सूचना पर एसडीएम रमापति व थानाध्यक्ष विष्णु गौतम पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
खुदे मरादी के मजरा भैसनिया निवासी 65 वर्षीय बटेश्वर दयाल उर्फ बलवंत सिंह रोज घर के बाहर ही सोते थे। गुरुवार की शाम आई तेज आंधी के बाद मौसम और सुहाना हो गया तो उनके साथ बेटा दलवीर व बटेश्वर के चचेरे भाई ओमप्रकाश भी चारपाई डालकर सो गए। रात के समय फिर से तेज आंधी आई और पास में ही खड़ा नीम का पेड़ उखड़कर गिर गया। जिसमें बटेश्वर दयाल, दलवीर सिंह व ओमप्रकाश दब गए। चीख पुकार सुनकर परिजन व अन्य लोग दौड़े और तीनों को बाहर निकाला।
घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल ले गए, जहां बटेश्वर दयाल को मृत घोषित कर दिया गया। दलवीर व ओमप्रकाश को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। बटेश्वर की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर एसडीएम रमापति व एसओ विष्णु गौतम ने पहुंचकर जानकारी ली। एसडीएम ने परिजनों को दैवीय आपदा का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।





