इस विधायक ने अवैध खनन के खिलाफ खोल दिया मोर्चा, दस घंटे तक फंसे रहे वाहन

हमेशा सुर्खियों में रहने वाले तिंदवारी विधायक ब्रजेश प्रजापति ने अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुरुवार रात 12 बजे अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मवई बाइपास चौराहे पर कारों को आड़े-तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। देखते ही देखते महोबा बाइपास रोड में मौरंग और गिट्टी से लदे ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति सुबह विकराल हो गई जब बांदा-कानपुर हाईवे पर दस किलोमीटर तक जाम पहुंच गया। सुबह दस बजे अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।

अवैध खनन व ओवरलोडिंग के खिलाफ गुरुवार रात 12 बजे तिंदवारी विधायक ब्रजेश कुमार प्रजापति अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। मवई बाइपास चौराहे पर महोबा रोड में विधायक ने अपनी स्कार्पियो सहित समर्थकों की आड़ी तिरछी कारें लगा दीं। इससे दोनों तरफ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। विधायक पूरी रात चौराहे पर डटे रहे। सुबह सात बजे जाम विकराल होने लगा तो सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और विधायक व उनके समर्थकों के साथ वार्ता की। करीब आधा घंटे की वार्ता के बीच उनसे नोकझोंक भी हुई।

जब बात नहीं बनी तो एडीएम संतोष बहादुर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल पहुंचे। विधायक को अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों ने लिखित व मौखिक आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक मौके से हटे और जाम खुल सका। इस दौरान संभागीय परिवहन विभाग और खनिज विभाग के अधिकारी भी जमे रहे। सुबह दस वाहन आगे बढऩे शुरू हुए।

Back to top button