श्वेत मलिक ने कहा-कैप्टन और किसान कर्ज माफी को लेकर केंद्र सरकार से मदद की लगा रहे गुहार

भाजपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ड्रग्स और किसान कर्ज माफी को लेकर केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। मलिक ने कहा कि कैप्टन ने जब गुटका साहिब हाथ में लेकर कसम खाई थी तब क्या उन्होंने लोगों को यह बताया था कि वह केंद्र सरकार की मदद से ऐसा कर पाएंगे। इसी प्रकार किसान कर्ज माफी के मामले में भी कैप्टन ने किसानों के साथ धोखा किया। आज कैप्टन अपनी नाकामी को छिपाने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांग रहे हैं। बता दें, कैप्टन ने पंजाब में नशा तस्करी पर लगाम कसने के लिए पीएम मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय ड्रग नीति बनाने की मांग है। 
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्वेत मलिक ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के मंत्री आपस में ही भिड़े हुए हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए लड़ रहे हैं तो दूसरी तरफ नवजोत सिंह सिद्धू मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने सिद्धू को राहुल गांधी का छोड़ा हुआ दीमक बताते हुए कहा कि गत दिनों सिद्धू ने अपनी जो उपलब्धियां बताईं वह नक्शों के इर्द-गिर्द ही घूमती रही।
मलिक ने कहा कि सिद्धू को यह बताना चाहिए कि ढाई साल के उनके कार्यकाल में पंजाब में कितने किलोमीटर सड़कों का विस्तार हुआ व कितना सीवरेज डाला गया। स्थानीय निकाय मंत्री का काम केवल नक्शे तक ही सीमित नहीं है। उन्हें तो शहरी इलाकों में हुए विकास कार्यों का पूर्ण विवरण पेश करना चाहिए। श्वेत मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा के आरोपों को सही साबित किया है जो कि भाजपा शुरू से ही लगाती रही है कि सिद्धू एक विफल मंत्री हैं। अब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी इस बात पर अपनी मोहर लगा दी है।
पुरी की हार पर खीज गए श्वेत
बीजेपी के प्रदेश प्रधान श्वेेत मलिक पंजाब में 3 में से 2 सीटों पर मिली जीत से तो उत्साहित हैंं, लेकिन अमृतसर में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की हार की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैंं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अमृतसर जो कि उनका गृह नगर है में हार के लिए जिम्मेदारी लेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वह पूरे पंजाब के प्रधान हैं न कि अकेले अमृतसर के। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा का रिजल्ट 67 फीसद रहा है।
सीट बढ़ाने की उठ रही मांग पर चुप्पी साध गए
लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद पंजाब में यह मांग उठने लगी है कि भाजपा को अब विधानसभा में 23 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए। भाजपा के पूर्व प्रधान कमल शर्मा ने भी यह मांग पिछले दिनों रखी थी, लेकिन इस संबंध में प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक कुछ भी नहीं कहना चाहते जब उनसे पूछा गया तो वह इस मामले पर चुप्पी साध गए।





