विमान केे लापता होने की सूचना केे बाद मोहित के पिता व अन्य परिजन असम के लिए हुए रवाना

असम के जोरहाट से लापता हुए भारतीय वायुसेना के एंटोनोव एएन-32 विमान में समाना का युवक मोहित गर्ग भी सवार था। मोहित इंडियन एयरफोर्स में फ्लाइट लेफ्टिनेंट हैंं। मोहित की शादी एक वर्ष पूर्व जालंधर निवासी आस्था से हुई थी। आस्था असम के ही एक बैंक में नौकरी कर रही हैं। विमान केे लापता होने की सूचना केे बाद मोहित के पिता सुरेंद्र पाल व अन्य परिजन असम के लिए रवाना हो गए है। 
बता दें, जोरहाट से उड़ान भरने के बाद से एंटोनोव एएन-32 विमान लापता है। विमान में चालक दल के 13 सदस्य सवार हैं, लेकिन उनके बारे में भी कोई खबर नहीं है। चालक दल सदस्यों में एक विंग कमांडर, चार फ्लाइट लेफ्टिनेंट, एक स्क्वाड्रन लीडर और सात एयर मैन शामिल हैं। इस विमान की खोज के लिए वायुसेना, सेना और सरकारी तंत्र द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।
परिवहन विमान है एएन-32
एएन-32 सैन्य साजो-सामान ले जाने वाला दो इंजन का परिवहन विमान है। भारतीय वायुसेना इसे 1984 से इस्तेमाल कर रही है। एएन-32 को भरोसेमंद विमान माना जाता है और भारतीय वायुसेना अपने कई अहम अभियानों में इसका इस्तेमाल कर चुकी है। वायुसेना में करीब 100 एएन-32 विमान हैं और उनका अपग्रेडेशन किया जा रहा है। लापता विमान का अभी अपग्रेडेशन नहीं हुआ था।





