डीएम ने नोएडा-नोएडा में स्थित सभी पेट्रोल पंप में बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को तेल नहीं देने का दिया निर्देश

जिलाधिकारी बीएन सिंह का नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान का पहला दिन काफी हिट रहा। सभी पंप संचालकों ने डीएम के आदेशों का कड़ाई से पालन करते हुए बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को तेल देने से साफ इन्कार कर दिया। कई बाइक सवारों ने डीएम के आदेश की जानकारी नहीं होने का हवाला दिया। इसके बाद भी उन्हें निराशा हाथ लगी। इसके बाद उन्होंने अन्य बाइक सवारों से हेलमेट मांग कर दोबारा पहुंच कर तेल भरवाया।

कुछ बाइक सवार हाथ में हेलमेट लेकर पंप पर पहुंचे, जिन्हें हेलमेट पहनाने के बाद ही कर्मचारियों ने तेल दिया। इस दौरान युवकों से पंप कर्मियों की नोकझोक भी हुई। जब उन्हें शांति भंग में जेल जाने की जानकारी हुई, तब वे वहां से चुपचाप चले गए। जिलाधिकारी ने एक जून से बिना हेलमेट के पंप पर पेट्रोल लेने वाले बाइक सवारों को तेल देने पर रोक लगा दी है। डीएम ने यह कार्रवाई सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से की है।

डीएम ने नोएडा- ग्रेटर नोएडा में स्थित सभी पेट्रोल पंप मालिकों को बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को किसी भी तरह तेल नहीं देने का निर्देश दिया है। यदि कोई बाइक सवार बिना हेलमेट के तेल लेने का प्रयास या पंप कर्मी के साथ अभद्रता करता है, तो उस पर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की जाएगी। पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। डीएम के आदेश पर पेट्रोल पंप संचालकों ने नो हेलमेट, नो पेट्रोल का बोर्ड भी लगा दिया है।

शनिवार सुबह सेक्टर-62, सेक्टर-71, सेक्टर-12-22 समेत अन्य पंपों पर बिना हेलमेट के तेल लेने पहुंचे बाइक सवारों को निराशा हाथ लगी। पंप कर्मी बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को डीएम के निर्देशों से अवगत कराते दिखे। कुछ बाइक सवारों ने जानकारी नहीं होने का हवाला दिया। इस दौरान कुछ बाइक सवार अन्य दूसरों से हेलमेट मांगते देखे गए। वे कुछ देकर बाद अन्य बाइक सवार का हेलमेट पहन कर पंप पहुंचे, तब उन्हें तेल मिला। इस दौरान बाइक सवार हेलमेट भी खरीदते हुए देखे गए।

यातायात विभाग ने भी कसा शिकंजा
नो हेल्मेट, नो पेट्रोल अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात विभाग ने भी बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों पर शिकंजा कसा। विभाग के कर्मचारी पंपों के आसपास खड़े होकर बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों का चालान किए। इस दौरान बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने वालों का भी चालान किया गया। एसपी ट्रैफिक अनिल कुमार झा ने बताया कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 79 हजार 200 चालकों का चालान किया जा चुका है।

Back to top button