बिना रजिस्ट्रेशन चल रही ट्रेवल एजेंसी ,जिला पर्यटन अधिकारी फर्जी एजेंसियों पर की छापेमारी


हरिद्वार में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही ट्रेवल्स एजेंसियां और होटल-धर्मशाला संचालकों को जिला पर्यटन अधिकारी ने नोटिस थमा दिए है। सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान कई धर्मशालाओं में अवैध रूप से ट्रेवल्स एजेंसियां संचालित होती मिलीं। साथ ही अवैध रूप से चारधाम यात्रा के बढ़ाए गए किराए को लेकर उन्होंने ट्रेवल्स एजेंसियों को निर्धारित किराया ही वसूलने के लिए कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।आपके प्रिय अखबार ‘हिन्दुस्तान ने सोमवार के अंक में ‘चारधाम यात्रा: 7 दिन में 2700 रुपये बढ़ाया किराया शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। तथाकथित ट्रेवल्स एजेंसी संचालकों द्वारा अवैध रूप से किराया वसूला जा रहा था। खबर का संज्ञान लेते हुए सोमवार को जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने ट्रेवल्स एजेंसियों और होटल धर्मशालाओं के खिलाफ अभियान चलाया। शिवमूर्ति गली में अवैध रूप से चल रही ट्रेवल्स एजेंसियों पर छापेमारी की। सूचना मिलते ही अधिकतर ट्रेवल्स एजेंसी संचालक भाग गए। अवैध रूप से लगाए गए ट्रेवल्स एजेंसी के बोर्ड फाड़ दिए। छापेमारी के दौरान कई होटल और धर्मशाला बिना पर्यटन विभाग के रजिस्ट्रेशन के संचालित होती मिले। जिन्हें नोटिस दिए गए हैं। इसके साथ ही जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की चेतावनी दी गई। इसके बाद भी अगर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया जाता है तो दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। क्या था मामलातथाकथित ट्रेवल्स एजेंसियों द्वारा चारधाम यात्रा के लिए सात दिन में ही 2700 रुपये किराया अवैध रूप से बढ़ा दिया गया था। जिसको लेकर ट्रेवल्स व्यवसायियों में रोष पनप रहा था। सोमवार को ट्रेवल्स व्यवसायियों की बैठक होनी थी। लेकिन इससे पहले ही जिला पर्यटन अधिकारी ने व्यवसायियों को विश्वास में लेते हुए फर्जी एजेंसियों पर छापेमारी की।





