आतंकवादियों ने एक बार फिर किश्तवाड़ में बोला हमला, दो एसपीआे घायल

आतंकवादियों ने एक बार फिर किश्तवाड़ में हमला बोला है। इस बार निशाना किश्तवाड़ के दूरदराज इलाके अरपन इलाके को बनाया गया है। आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए इस हमले में दो एसपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह इलाका कश्मीर के अनंतनाग जिले के साथ लगता है और किश्तवाड़ मुख्य कस्बे से करीब 200 किलोमीटर दूर मढ़वा में पड़ता है। दोनों घायलों को स्थानीय प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में भी रखा गया है। अभी तक उनके जिला अस्पताल किश्तवाड़ में लाने की पुष्टि नहीं हो पाई है। 
यह हमला आज शुक्रवार सुबह 7 बजे के करीब हुआ। पुलिस का कहना है कि आतंकवादी पहले से ही यहां घात लगाए बैठे हुए थे। पुलिस और एसओजी के जवान मढ़वा कैंप में पहुंचने के लिए वीरवार 30 मई को कैंप से निकली आज 31 मई को जब जवान फैजी ब्रिज के नजदीक से गुजरे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने अचानक से उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इस गोलीबारी में दो एसपीओ मोहम्मद इकबाल और आशिक हुसैन को गोली लगी। एसपीओ पर गोलियां बरसाने के बाद आतंकवादी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दोनों एसपीओ को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया हुआ है। अभी तक किसी आतंकवादी के पकड़े जाने की सूचना नहीं है। वहीं दोनों एसपीआे की गंभीर हालत को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलीकाप्टर के जरिए जम्मू के राजकीय मेडिकल कालेज भेज दिया है।
जिला किश्तवाड़ में आतंकवादी हमले की यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले आतंकवादियों ने करीब दो माह पहले किश्तवाड़ जिला अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट व आरएसएस के कार्यकर्ता चंद्रकांत को निशाना बनाया था। उससे पहले कस्बे के नामी परिहार बंधुओं की भी आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।





