इस्तीफा देने पर अड़े राहुल गांधी ने की NCP नेता शरद पवार से मुलाकात

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) के बाद आज यानी गुरुवार को केंद्र में मोदी सरकार का शपथ ग्रहण है। वहीं दूसरी ओर नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस में लगातार आत्ममंथन जारी है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी अपने पद से इस्तीफा देने के फैसले पर अड़े हुए है। पार्टी के तमाम बड़े नेता उन्हें मनाने में लगे हुए है। खबर यह भी थी कि राहुल किसी भी नेता से मिलने को तैयार नहीं है। हालांकि, इस बीच राहुल गांधी एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से मिलने उनके घर पहुंचे हैं। इस बैठक से क्या निकलकर सामने आता है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन क्या राहुल गांधी अपने पद पर बने रहेंगे या नहीं? यह बड़ा सवाल है।
इससे पहले कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्वामी ने भी आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। बता दें कि कर्नाटक में इस समय कांग्रेस और जनता दल सेकुलर (जेडीएस) की गठबंधन वाली सरकार चल रही है। लोकसभा चुनावों में कांग्रेस और जेडीएस को सिर्फ 1-1 सीट मिल पाई थी। कर्नाटक में कुल 28 लोकसभा सीट है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 542 में से महज 52 सीटें ही मिली है। जबकि यूपीए को 96 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को विपक्ष में बैठने के लिए अब भी 3 सीटों की आवश्यकता है। जानकारी के मुताबिक विपक्ष के सबसे बड़े नेता के पद के लिए आपके पास लोकसभा में 10% सीटें यानी कम से कम 55 सीटें होना जरूरी हैं।





