ICC World Cup 2019: Reliance Jio TV और Hotstar पर देख सकेंगे सभी मैच LIVE

ICC World Cup 2019 आज यानी 30 मई से इंग्लैंड और साउथ वेल्स में खेला जाएगा। क्रिकेट के इस महाकुंभ का इंतजार भारत समेत दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को रहता है। हर चार साल में आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में दुनिया की टॉप-10 टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों में भारत, आस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, अफगानिस्तान और वेस्ट इंडीज हैं। ICC World Cup 2019 के सभी मैच भारतीय यूजर्स स्टार इंडिया के नेटवर्क पर देख सकते हैं।
ICC World Cup 2019 में कुल 45 मैच खेले जाएंगे भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ 5 जून को खेला जाएगा। जबकि, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 16 जून को खेला जाएगा। ICC World Cup 2019 के सभी मैच को अगर आप टीवी पर नहीं देख पा रहे हैं तो आज हम आपको उन ऐप्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप अपने स्मार्टफोन या टेबलेट में ऑनलाइन स्ट्रीम कर सकते हैं।
Hotstar
जैसा कि मैनें पहले भी बताया कि ICC World Cup 2019 के मैच को आप भारत में स्टार इंडिया के नेटवर्क पर देख सकते हैं तो स्टार इंडिया के आधिकारिक ऐप Hotstar पर वर्ल्ड कप के सभी मैच देख सकते हैं। Hotstar पर आप सभी मैच हिंदी और अंग्रेजी समेत अन्य भारतीय भाषाओं में देख सकते हैं। इसके लिए आपके एंड्रॉइड या iOS डिवाइस में Hotstar ऐप डाउनलोड करना होगा। ध्यान रहे Hotstar पर मैच देखने के लिए आपको Hotstar का VIP या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन लेना होता है।
Hotstar VIP सब्सक्रिप्शन के लिए आपको Rs 365 का सालाना भुगतान करना होगा। इसके अलावा अगर आपके पास Hotstar प्रीमियम का सब्सक्रिप्शन है तो भी आप सभी मैच का आनंद ले सकेंगे। Hotstar प्रीमियम में आप अगर सिर्फ स्पोर्ट्स का सब्सक्रिप्शन लेते हैं तो आपको Rs 299 प्रति साल के हिसाब से भुगतान करना होगा। Hotstar प्रीमियम के ऑल एक्सेस का चार्ज Rs 999 प्रति साल है।
JioTV
अगर आप Reliance Jio यूजर हैं तो आप JioTV पर वर्ल्ड कप के सभी मैच ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए आपके एंड्रॉइड या iOS डिवाइस में JioTV के साथ ही Hotstar ऐप भी इंस्टॉल होना जरूरी है। क्योंकि, जैसे ही आप JioTV में किसी भी लाइव मैच को देखने के लिए चैनल पर टैप करेंगे तो आपको वह Hotstar पर री-डायरेक्ट करेगा। इस तरह से आप JioTV और Hotstar की मदद से ICC World Cup 2019 के सभी मैच ऑनलाइन देख सकेंगे।





