Misbehavior with woman. राजस्थान में दिव्यांग महिला से सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का मामला आया सामने

 राजस्थान के भरतपुर जिले के नदबई में गोगाजी ईंट-भट्टे पर काम करने वाली एक दिव्यांग महिला से भट्टे के चार मालिकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान जब महिला का आठ वर्ष का बच्चा जाग कर रोने लगा तो आरोपितों ने उसे गला दबा कर मार डाला। आरोपितों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर पीड़िता और उसके परिजनों को भट्टे में जिंदा जलाने की धमकी भी दी। घटना 12 मई की है। लेकिन पीड़िता ने मामला अब दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार, कठूमर क्षेत्र निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दी कि वह लुहासा गांव के पास गोगाजी ईंट-भट्टे में पिछले छह माह से काम रही थी। भट्टे के मालिक बाबूलाल, थान सिंह और लक्ष्मण सिंह उसे यहां काम कराने के लिए लेकर आए थे। यहां उसके पूरे परिवार ने ईंट थपाई का काम पूरा किया। 12 मई की रात को लक्ष्मण सिंह, बिज्जीराम, थान सिंह अपने पूर्व हवलदार साथी के साथ शराब पीकर उसकी झुग्गी में घुसे और दुष्कर्म की कोशिश की।

पास में सो रहा बेटा जाग गया तो आरोपितों ने उसका गला दबा दिया। इसके बाद पीड़िता की कनपटी पर हथियार रखकर दोनों को अपने ऑफिस में बंद कर दिया। उसके पति को भी धमकी दी। अगली सुबह मुख्य आरोपित बाबूलाल ने अपने कर्मचारियों दीना, बबलू और भगती के साथ मिलकर गांव वालों को बच्चे की मौत का कारण बीमारी बताया और दाह संस्कार करा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

Back to top button