हवाई सफर के लिए बढ़ सकता है जेब पर बोझ

भारी घाटे से जूझ रहीं विमानन कंपनियां हवाई किराया बढ़ाने की तैयारी में हैं। इंडिगो ने इसकी पहल भी कर दी है, जिससे कर्ज संकट में फंसी जेट एयरवेज और एयर इंडिया के लिए भी किराये में वृद्धि का रास्ता खुल गया है। कंपनी का कहना है कि नवंबर-दिसंबर के बाद वह जनवरी में टिकट की कीमतों में कुछ इजाफा करेगी। एयर 

इंडिगो ने गुरुवार को कहा कि वह उड़ानें बढ़ाने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार के विस्तार पर ध्यान देगी। किराये में बढ़ोतरी के ऐलान के बाद कंपनी के शेयर में करीब पांच फीसदी की तेजी आई है। इंडिगो को जुलाई सितंबर की तिमाही में 2015 के बाद पहली बार घाटा हुआ था, जबकि तीसरी तिमाही में उसके मुनाफे में पिछले साल की तुलना में 75 फीसदी की गिरावट आई है।

 

कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी रोहित फिलिप ने कहा कि यात्री किराये में बढ़ोतरी से सही दिशा में उठाया कदम है। कोटक इक्विटी की विश्लेषक गरिमा मिश्रा ने कहा कि आने वाले महीनों में कंपनियों की हालत सुधरेगी। इंडिगो का घरेलू बाजार में तो दबदबा है, लेकिन विदेशी उड़ानों में उसकी महज 6 फीसदी हिस्सेदारी है। उसने वर्ष 2018 में 55 नए विमान खरीदे हैं।

एयरलाइन की बढ़ती मुश्किलें

-तेल की कीमतों में आ रही तेजी
-रुपये में लगातार उतार-चढ़ाव
-प्रतिस्पर्धा से किराये में वृद्धि नहीं
-नए विमानों की खरीद का बोझ
-हॉलीडे सीजन में यात्रियों में कमी

घरेलू बाजार के बड़े खिलाड़ी

इंडिगो : 41.5%
जेट एयरवेज : 13.9%
एयर इंडिया : 12.7%
स्पाइसजेट : 12.3%

प्रीमियम भी नहीं वसूल रही थीं कंपनियां

मार्गन स्टैनले का कहना है कि विमानन कंपनियों के बीच किराये को लेकर प्रतिस्पर्धा इतनी तगड़ी है कि वे अंतिम समय में भी बुकिंग पर प्रीमियम नहीं वसूल रही थीं। बल्कि सीजन सेल के दौरान ग्राहकों को 30 फीसदी तक की छूट से भी उनका बजट गड़बड़ाया। 

जेट एयरवेज की मुश्किलें बढ़ीं

ऋण पैकेज की तलाश में जुटी जेट एयरवेज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सेबी ने गुरुवार को कहा कि जेट एयरवेज को नियमों में ढील के लिए उसे कोई अनुरोध नहीं मिला है। सेबी का बयान ऐसे समय में आया है जब एतिहाद द्वारा जेट एयरवेज में अतिरिक्त पूंजी लगाने के लिए नियमों में छूट दिए जाने की मांग की गई है। एतिहाद की अभी जेट एयरवेज में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

कमाई बढ़ाने को एयर इंडिया हॉलीडे पैकेज लाएगी

एयर इंडिया कमाई बढ़ाने को हॉलीडे पैकेज क्षेत्र में उतरेगी। जेट एयरवेज और इंडिगो पहले ही ग्राहकों के लिए ये ऑफर देती हैं। पैकेज के तहत आने-जाने की उड़ान, दर्शनीय स्थलों का दौरा, सड़क यात्रा और होटल का ठहराव शामिल है। इसके लिए कंपनी ने ट्रेवल कंपनियों से संपर्क साधा है।

Back to top button