दक्षिण कश्मीर के बाेनगाम, कासो के दौरान भड़की हिंसा, दो लोग जख्मी, मौका पाकर आतंकी फरार

दक्षिण कश्मीर के बाेनगाम, पुलवामा में मंगलवार को उस समय तनाव पैदा हो गया, जब आतंकियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी का विरोध कर रहे हिंसक तत्वों पर काबू पाने के लिए सुरक्षाबलों को बल प्रयोग करना पड़ा। हिंसक झड़पों में दो लोगों के जख्मी होने की सूचना है। इस बीच, अनंतनाग के काचवान इलाके में भी सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर एक तलाशी अभियान चलाया है।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को आज तड़के अपने तंत्र से पता चला कि पुलवामा जिले में बोनगाम, करीमाबाद में आतंकियों का एक दल अपने किसी संपर्क सूत्र से मिलने आया हुआ है। सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों के एक संयुक्त कार्यदल ने सुबह चार बजे पूरे इलाके की घेराबंदी शुरु कर दी और जब वह आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी लेने लगे तो शरारती तत्वोेने भड़काऊ नारेबाजी करते हुए तलाशी अभियान का विरोध किया। इसी दौरान कुछ युवकों ने सुरक्षाबलों पर पथराव भी शुरु कर दिया। स्थिति को बिगड़ते देख जवानों को भी बल प्रयोग करना पड़ा।
बताया जाता है कि इस बाद बोनिगाम, करीमाबाद के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षबालों और शरारती तत्वों के बीच हिंसक झड़पें शुरू हो गई। हालांकि सुबह दस बजे तक सुरक्षाबलों ने स्थिति पर काबू पा लिया था। लेकिन पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव में हिंसक झड़पों का फायदा लेकर आतंकी भी कथित तौर पर वहां से भाग निकले। सुरक्षाबलों ने भी बाद में तलाशी अभियान समाप्त कर दिया। हिंसक झड़पों में दो लोगों के जख्मी होने की सूचना है। लेकिन पुलिस ने इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार किया है।
इसी दौरान, जिला अनंतनाग में कोकरनाग के साथ सटे काचवान गांव में 9 आरआर, सीआरपीएफ की 164वीं वाहिनी और राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल के जवानों के संयुक्त कार्यदल ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर घेराबंदी करते हुए घर-घर तलाशी अभियान चला रखा है। स्थानीय सूत्रों की मानें तो यह अभियान आज तड़के गांव में एक मस्जिद के पास कथित तौर पर दो से तीन आतंकियों को देखे जाने की सूचना के आधार पर चलाया गया है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत हैं।





