केदारनाथ पैदल मार्ग पर लिनचोली व भैरवघाटी के बीच पहाड़ी से हिमखंड गिरने से पंजाब की युवती की हुई मौत

केदारनाथ पैदल मार्ग न केवल यात्रियों के सामने चुनौती पेश कर रहा है, बल्कि खतरनाक भी बना हुआ है। शनिवार को केदारनाथ से दर्शन कर लौट रही पंजाब निवासी एक युवती लिनचोली व भैरवघाटी के बीच पहाड़ी से गिरे हिमखंड की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। रेस्क्यू कर गौरीकुंड लाते समय युवती ने दम तोड़ दिया।

सोनप्रयाग एसडीआरएफ के प्रभारी एसआइ धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि संगरूर-पटियाला (पंजाब) निवासी ओजस्वी (28 वर्ष) अपनी बहन व मंगेतर अभिषेक समेत दो अन्य यात्रियों के साथ केदारनाथ दर्शन कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान लिनचोली व भैरवघाटी के बीच अचानक हिमखंड टूटकर ओजस्वी के सिर पर आ लगा और उसके सिर से खून बहने लगा। उसे तत्काल बड़ी लिनचोली स्थित अस्थायी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने ओजस्वी को गौरीकुंड स्थित प्राथमिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Back to top button