शादीशुदा युवती और युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था पुलिस ने आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार किया

राजापुर गांव में बुधवार की आधी रात गेहूं की कतराई करा रही प्रेमिका बुलाने पर देर से पहुंची तो प्रेमी युवक ने गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जानकारी के बाद आरोपित प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
चित्रकूट के राजापुर थानान्तर्गत रगौली गांव में युवती अपने पति के साथ ट्यूबवेल के पास कोठरी में रहती थी। शादीशुदा युवती के प्रेम संबंध गांव के एक युवक से हो गए। ग्रामीणों की मानें तो वह रात और दिन में अक्सर प्रेमी से छिप छिपकर मिलती थी। बुधवार की रात वह पति और परिजनों के साथ गेहूं की कतराई करा रही थी। इस बीच प्रेमी युवक ने उसे बुलावा भेजा तो उसने कुछ देर में आने की बात कह दी। आधी रात करीब दो बजे वह पति की नजरें बचाकर प्रेमी से मिलने पहुंची। देर से आने को लेकर प्रेमी की उससे कहासुनी हो गई।
गुस्साए प्रेमी ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगने पर लहूलुहान हालत में युवती खुद चलकर पास ही अपनी कोठरी में गई तो उसकी हालत देखकर पति के होश उड़ गए। रात में ही गांव वालों की मदद से वह उसे सीएचसी ले गए। उसने अस्पताल में घटना की जानकारी दी। इस बीच उपचार के दौरान गुरुवार सुबह सात बजे उसकी मौत हो गई। राजापुर थानाध्यक्ष गुलाब त्रिपाठी ने आरोपित प्रेमी रामबाबू को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि युवती और आरोपित के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। प्रतिदिन रात में छिप कर मिलते थे। बुधवार रात प्रेमिका के देर से पहुंचने पर उसने गोली मार दी, आरोपित से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी मनोज कुमार झा ने घटना की जानकारी थानाध्यक्ष से ली।





