Loksabha Election Banda Live : सूरज की तपिश संग मतदान, दोपहर एक बजे तक 44.31 प्रतिशत वोटिंग

बांदा-चित्रकूट संसदीय सीट पर चुनावी समर में उतरे आठ योद्धाओं के भाग्य का फैसला करने के लिए 1924 बूथों पर भाग्यविधाता मतदाता सुबह सात बजे से पहुंच रहे हैं। बूथों के बाहर युवा, बुजुर्गों और महिलाओं की कतारे लग रही हैं। यहां सुबह नौ बजे तक 10.43 फीसद और 11 बजे तक 27.50 प्रतिशत वोटिंग हुई। सूरज की तपिश संग मतदान का भी पारा चढ़ता जा रहा है और दोपहर एक बजे तक 44.31 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के साथ सभी इंतजाम किए गए हैं। कुछ जगहों पर मामूली कारणों से मतदान शुरू होने में विलंब हुआ। 
बांदा लोकसभा क्षेत्र में ज्यादातर बूथों पर मतदान समय से शुरू हो गया। सुबह सवा छह बजे मॉक पोल करने के बाद मतदान की शुरुआत की गई। सुबह नौ बजे तक 10.43 फीसद मतदान हो चुका था। इसमें बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 11.50 फीसद, नरैनी में 11.20 फीसद, बांदा सदर में 12.20 फीसद, चित्रकूट सदर में 9 प्रतिशत और मानिकपुर में 8.50 फीसद मतदान शुरुआती दो घंटे में हो चुका। सुबह 11 बजे तक 27.50 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है, इसमें बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 28.50 प्रतिशत, नरैनी में 26.80 फीसद, बांदा सदर में 27.20 प्रतिशत, चित्रकूट सदर में 20.69 फीसद, मानिकपुर में 24.24 प्रतिशत वोट पड़ चुके। सूरज के साथ मतदान का पारा भी चढ़ता जा रहा है, दोपहर एक बजे तक 44.31 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। इसमें बबेरू में 45.20, नरैनी में 44.30, बांदा सदर में 43.40, चित्रकूट सदर में 34.85 और मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र में 34.21 फीसद मतदान हो गया है। दस्यु प्रभावित मानिकपुर के पाठा इलाके से लेकर सभी जगहों पर युवा, बुजुर्ग, महिलाएं कतार में खड़े होकर मताधिकार के प्रयोग का इंतजार कर रहे हैं। इसके साथ ही मॉडल, सखी बूथों पर विशेष आकर्षण दिख रहा है। कर्वी के सती अनुसुइया प्राथमिक विद्यालय में बूथ के बाहर सुबह से कतार लग गई। दस्यु प्रभावित पाठा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर कतार में महिलाएं और बुजुर्गों का उत्साह देखने लायक रहा।

आदर्श मतदान केंद्र से वोट डाल कर बाहर निकलने वाली महिलाएं लोकतंत्र के महापर्व में भागीदार को लेकर उत्साहित नजर आईं। कर्वी मुख्यालय के द्वारिकापुरी स्थित मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 402 में मुन्नी देवी श्रीवास्तव और 403 मे जयश्री जोग ने सबसे पहले वोट किया है।

कर्वी मुख्यालय के सती सीता प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार लगी रही। यहां रामपुरी पुरानी बाजार कर्वी की धैर्या श्रीवास्तव और महिमा श्रीवास्तव ने पहली बार अपना वोट डालने के बाद कहा कि वे काफी उत्साहित थीं। वोट डालने के लिए सभी को निकलना चाहिए। हम अपने घरों पर बैठे रहेंगे तो लोकतंत्र मजबूत कैसे होगा। बूथ संख्या 43 बदौसा में भी मतदान के लिए कतार लगी रही।

कुछ जगह ठहरा रहा मतदान
चित्रकूट के कर्वी में चित्रकूट इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर समय से मतदान नहीं शुरू हो पा रहा है। इसमें मतदान कराने के लिए तैनात अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। यहां पर एजेंट नहीं पहुंचने से 7:15 बजे तक मतदान नहीं शुरू हुआ। मऊ तहसील के छिवली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर भी 7:20 तक मतदान शुरू कराने को लेकर कर्मी औपचारिकताएं पूरी नहीं कर सके हैं।
.jpg)
मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय पुराना मानिकपुर में ईवीएम में खराबी के कारण मतदान एक घंटे विलंबित हो गया। यहां पर सुबह 7:59 बजे मतदान शुरू हो सका, इस दौरान केंद्र के बाहर मतदाताओं की कतार लगी रही। दस्यु प्रभावित क्षेत्रों में भी मतदान को लेकर दिखाई पड़ रहा खासा उत्साह है और लंबी कतारें केंद्रों के बाहर लगी हैं।

डीएम व एसपी ने किया बूथों का दौरा
लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान डीएम विशाख जी व एसपी मनोज कुमार झा सुबह से निकल पड़े। चित्रकूट इंटर कालेज कर्वी में निरीक्षण कर आगे बढ़ गए। दस्यु प्रभावित पाठा इलाके में जाने वाली सड़क देवांगना घाटी पर फोर्स सघन पड़ताल में जुटा हुआ है। डकैतों के लिए सभी दरवाजे बंद करते हुए चप्पे चप्पे पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
मतदान की ताजा स्थिति की जानकारी के लिए पेज को कुछ समय के अंतराल में अपडेट करते रहें।





