मनोहर लाल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जनता भी उनसे बोल रही कि आवैगा तो मोदी ही

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा मौका देने वाली है। यह लोकतंत्र की विशेषता है कि लोग अपनी मर्जी की सरकार चुनते हैं। उन्होंने कहा कि वह जमाना गया जब राजा के बाद रानी के पेट से जन्मा बच्चा ही राजा बनता था। आपके पास सत्ताधारी नेताओं के साथ-साथ विपक्ष के नेता भी आते हैं। आपके मन की बात करते हैं लेकिन लोग यही जवाब देते हैं कि आवैगा तो मोदी ही। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया के पक्ष में करनाल में छह जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कमल के निशान के नीचे आतंकवाद और मसूद अजहर का अंत दबा है। 
जबरन चंदा वसूलने की बात साबित करके दिखाएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने भी अपना दस महीने का वेतन यानी पांच लाख रुपये का चंदा पार्टी को दिया है। भाजपा जबरन उगाही नहीं बल्कि चुनावों के लिए चंदा ले रही है और चंदा लेना कोई पाप नहीं है। पत्रकारों के सवाल पर कहा कि जो भी चंदा आ रहा है, वह चेक के रूप में आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस को भी नसीहत दी कि यदि वे भी चंदा लेते हैं तो चेक से ही लें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा पर मिथ्या आरोप लगा रही है। जिस 11 लाख रुपये के चेक को जबरन लिए जाने की बात उन्होंने की है यदि व्यापारी कहेंगे तो हम न केवल उन्हें राशि को डबल करके वापस करेंगे बल्कि उन्हें सम्मानित भी करेंगे।





