मुंबई के शिवाजी पार्क में महाराष्ट्र दिवस का आयोजन, CM देवेंद्र फडऩवीस और राज्यपाल सी विद्यासागर राव उपस्थित हुए

मुंबई के शिवाजी पार्क में महाराष्ट्र दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस और राज्यपाल सी विद्यासागर राव उपस्थित हैं। आज के ही दिन भारत के इस राज्य ‘महाराष्ट्र’ की स्थापना हुई थी। 1 मई को भारत की तत्कालीन नेहरू सरकार ने बॉम्बे प्रदेश को ‘बॉम्बे पुनर्गठन अधिनियम 1960 के तहत दो राज्यों में बांट दिया- महाराष्ट्र और गुजरात।
गौरतलब है कि राज्यों के पुनर्गठन अधिनियम 1956 के तहत कई राज्यों का गठन किया गया था। इस अधिनियम के तहत सिर्फ महाराष्ट्र ही नही बल्कि कन्नड़ भाषी लोगों के लिए कर्नाटक राज्य बनाया गया, तेलुगु भाषी लोगों को आंध्र प्रदेश मिला। इसी तरह मलयालम भाषियों को केरल और तमिल बोलने वालों के लिए तमिलनाडु राज्य बना। लेकिन मराठियों और गुजरातियों को अलग राज्य नहीं मिला था। इसी मांग को लेकर कई आंदोलन हुए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र को बधाई देते हुए कहा कि ‘राज्य के स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र की मेरी बहनों और भाइयों को शुभकामनाएं। महाराष्ट्र क्रांतिकारियों और सुधारकों की भूमि है, जिन्होंने भारत की प्रगति को समृद्ध किया है। आने वाले समय में राज्य की निरंतर वृद्धि के लिए प्रार्थना। जय महाराष्ट्र!’
बता दें कि 1 मई 1960 को भारत की तत्कालीन नेहरू सरकार ने बॉम्बे प्रदेश को ‘बॉम्बे पुनर्गठन अधिनियम 1960 के तहत दो राज्यों में बांट दिया- महाराष्ट्र और गुजरात। दोनों राज्यों में बॉम्बे को लेकर भी विवाद हुआ था। मराठियों का कहना था कि बॉम्बे उन्हें मिलना चाहिए क्योंकि वहां पर ज्यादातर लोग मराठी बोलते हैं, जबकि गुजरातियों का कहना था कि बॉम्बे जो था, वो उनकी बदौलत था। आखिरकार बॉम्बे को महाराष्ट्र की राजधानी बनाया गया।





