कलराज मिश्र ने खास बातचीत में कहा- हरियाणा की जिम्मेदारी मिलने की वजह से नहीं लड़ पाया चुनाव

भाजपा के प्रदेश लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र के मन में इस बार का चुनाव नहीं लड़ पाने की टीस है। मोदी लहर का हवाला देकर वह चार सौ से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहते हैं कि वह हरियाणा की जिम्मेदारी के चलते ही चुनाव नहीं लड़ सके।

कलराज मिश्र ने खास बातचीत में कहा, उन्हें चुनाव न लड़ने की घोषणा विशेष परिस्थितिवश करनी पड़ी। जब उन्हें हरियाणा की जिम्मेदारी मिली, तभी समझ गए कि इस बार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसलिए उन्होंने स्वयं ही घोषणा कर दी थी। मिश्र यहां भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी के प्रचार के लिए आए थे। उनके दौरे को लेकर पार्टी में भी ज्यादा नेताओं को खबर नहीं थी।

महागठबंधन को बताया भानुमति का कुनबा

कलराज मिश्र ने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए इसे भानुमति का कुनबा करार दिया। उन्‍होंने कहा, विचारों में विभिन्नता के बावजूद लोकसभा चुनावों में जुड़े दलों को मिलाकर बना महागठबंधन पराजित मानसिकता का प‍रिचायक है। इनका एकमात्र उद्देश्य यह है कि मात्र कुछ सीटें जीतकर अपना वजूद कायम रख सके।

उन्‍होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। कलराज ने कहा इन पार्टियों के नेता राष्ट्र विरोधी बातें करते हैं। सेना के पाकिस्तान में की गई सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सैनिकों का अपमान करने का काम किया है। सेना ने हमेशा आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया है, लेकिन कांग्रेस और गठबंधन के नेताओं की सैनिकों के पराक्रम पर की गई टिप्पणी से सैनिकों का मनोबल कम हुआ है, जिसे देश कभी माफ नहीं करेगा।

Back to top button