चुनाव प्रचार में जुटीं हेमा संग मथुरा पहुंचे धर्मेंद्र, खुद को बताया…

बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं. इन दिनों हेमा मालिनी पूरी तरह से चुनाव प्रचार में जुटीं हैं. लेकिन चुनावी मैदान में हेमा मालिनी का साथ देने के लिए उनके पति एक्टर धर्मेंद्र भी मथुरा पहुंच गए हैं. 
हेमा मालिनी के सपोर्ट में चुनावी प्रचार करने पहुंचे धर्मेंद्र ने कहा कि मैं एक किसान हूं. मुझे यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है. राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा, मैं भारत की आवाम के मंच पर आया हूं. अपनों से बात करना हमेशा अच्छा लगता है.
हेमा मालिनी के चुनाव में जीत-हार के सवाल पर धर्मेंद्र ने कहा, हेमा सांसद बनने वाली नहीं, बन गई हैं. मैं यहां उनके प्रचार के लिए आया हूं. जब भी कोई काम नेक दिल से किया जाता है उसका परिणाम अच्छा होता है. हेमा ने भी वही किया है.
मथुरा में हेमा मालिनी को इस बार महागठबंधन से कड़ी चुनौती मिल रही है. एसपी-बीएसपी और आरएलडी ने इस सीट से कुंवर नरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है. वहीं कांग्रेस ने मथुरा सीट से महेश पाठक को टिकट दिया है.
24 मई को गठबंधन तोड़ देंगी मायावती, अखिलेश का हो जाएगा ये हाल…
हेमा मालिनी ने बीते दिनों अपने पांच साल के कामकाज पर सवाल पूछे जाने पर कहा, ‘मैंने 5 साल में बहुत सारे काम किए हैं जिसकी पूरी लिस्ट मेरे पास हैऔर मुझे उम्मीद है कि लोगों को मेरा काम पसंद आएगा.’ हेमा मालिनी पर कई बार ये सवाल उठाए गए हैं कि वो क्षेत्र में दिखाई नहीं देती हैं. इसका जवाब देते हुए हेमा मालिनी ने कहा, मैं भले दिखाई न दूं, लेकिन अपने क्षेत्र में मैं लगातार आती रही हूं और लोगों के बीच रही हूं.
बता दें हेमा मालिनी चुनावी मैदान में जीत दर्ज करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही हैं. बीते दिनों हेमा मालिनी की मथुरा के खेतों में गेहूं काटते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. प्रचार करते वक्त हेमा मालिनी मथुरा के खेतों में चली गई थीं और वहां मौजूद लोगों के साथ गेहूं काटती दिखी थीं.





