कुरकुरी भिंडी

सामग्री :

भिन्डी – 200 ग्राम, बेसन – 2 टेबल स्पून, कार्न फ्लोर- 2 टेबल स्पून, नमक – आधा छोटी चम्मच, गरम मसला – 1/4 छोटी चम्मच, अमचूर पाउडर – 1/4 छोटी चम्मच, लाल मिर्च पाउडर – 1/4 छोटी चम्मच, हल्दी पाउडर – 1/4 छोटी चम्मच से कम, चाट मसाला – 1/2 छोटी चम्मच।

विधि :

भिन्डी को 2 बार पानी से अच्छे से धो लें। इन्हें छलनी में रख दें ताकि सारा पानी आसानी से सूख जाए। आप चाहें तो इन्हें कपडे़ से पोंछ कर भी पानी सुखा सकती हैं। अब हर एक भिन्डी के आगे और पीछे के डंठल काट दें और एक एक भिन्डी के चार भाग करते हुए इन्हें लंबाई में पतला-पतला काट ले।

कटी हुई भिन्डी को किसी बाउल में डाल लें। बाउल में भिन्डी में मसाले मिलाने में आसानी रहती है। अब कटी भिन्डी में नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, अमचूर और गरम मसाला डाल कर मिला लें। सारे मसालों को भिन्डी पर अच्छे से कोट होने तक मिलाते रहें। मसाला मिलाने के बाद भिन्डी को 10 मिनट के लिए रख दें ताकि भिन्डी से जूस निकलकर बाहर आ जाए और भिन्डी को गीला कर दे। फिर भिन्डी में कार्न फ्लोर और बेसन मिला लें। इन्हें तब तक मिलाते रहें जब तक बेसन और कार्न फ्लोर की कोटिंग भिन्डी पर अच्छे से ना हो जाए। जब कोटिंग हो जाए तो भिन्डी तलने के लिए तैयार है।

कड़ाही में तेल गरम करें। अब गरम तेल में जितनी भिन्डी आसानी से डाल कर तली जा सकें डाल लें। भिन्डी को तेज आंच पर तलें। जब भिन्डी क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन हो जाए तो इन्हें निकालकर प्लेट में रख लें।

सारी भिन्डी को इसी तरह तल लें। तलने के बाद इसमें चाट मसाला डालकर मिला लें। कुरकुरी भिन्डी को मजे से खाएं और सबको खिलाएं।

Back to top button