प्रयागराज में वाहन चेकिंग के दौरान 380 लोगों का चालान

प्रयागराज: शासन के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना में हो रही मौतों को कम करने एवं वाहन चालकों को इसके प्रति सचेत करने के लिए परिवहन विभाग सक्रिय हो गया है। जिसके तहत शुक्रवार को चेकिंग के दौरान अनियमितता पाये जाने पर कुल 380 गाड़ियों का चालान किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन रवि कान्त शुक्ल ने शुक्रवार को फाफामऊ में चेकिंग के दौरान बताया कि शासन द्वारा सड़क दुर्घटना में हो रही मौतों को कम करने के लिए सीट बेल्ट और हेलमेट चेकिंग का अभियान पूरे प्रदेश में चलाये जाने का निर्देश दिया गया है। जिसके अनुपालन में आज पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गयी। श्री शुक्ल ने बताया कि कई बार हेलमेट न लगाने एवं दुर्घटना होने पर मौत हो जाती है। इसीलिए मौतों को कम करने के लिए हेलमेट पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहली बार हेलमेट न लगाने पर 100 रूपये और दुबारा हेलमेट न लगाने पर 225 रूपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। इसी प्रकार पहली बार सीट बेल्ट न लगाने पर 100 रूपये और दुबारा सीट बेल्ट न बांधने पर 200 रूपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।
इसी प्रकार नैनी एवं अन्य क्षेत्रों में दो अन्य एआरटीओ भूपेश गुप्ता एवं सुरेश कुमार मौर्या ने भी चेकिंग अभियान चलाया। इनके अतिरिक्त दो पीटीओ ने हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस प्रकार विभिन्न स्थानों पर चलाये गये अभियान के दौरान कुल 380 लोगों का चालान किया गया।

Back to top button