दिल्ली-NCR में बारिश ने बढ़ाई ठंड, पड़ सकते हैं ओले

दिल्ली एनसीआर में रिमझिम बारिश ने लोगों की मुश्किले बढ़ा दी हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। रिमझिम बारिश से मार्च के महीने में भी ठंड बरकरार है। रविवार सुबह जहां हल्की ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में 9.6 मिलीमीटर जबकि पालम वेधशाला में 7.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड़ वेधशाला में 5.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शनिवार को तीन साल में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम में बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग की मानें तो चार मार्च के बाद बारिश का दौर रुक जाएगा और तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
बीते शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम सामान्य से छह कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 19.3 और न्यूनतम 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह मुंगेशपुर केंद्र पर 15.7 और जाफरपुर केंद्र पर 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते सात साल में सिर्फ 2015 को छोड़ दें तो दो मार्च को अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। ऐसे में कई वर्षों बाद लोगों को इस तरह के मौसम का अनुभव हो रहा है।
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को बारिश व ओलावृष्टि की संभावना पहले से जता रखी है। शनिवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। बीच-बीच में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। सूरज नहीं निकलने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान गिर गया। शाम साढ़े पांच बजे तक 2.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम केंद्र में 2.4 मिमी बारिश दर्ज हुई।
आज के दिन तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2012 29.0 12.0
2013 25.0 12.0
2014 21.0 10.0
2015 19.0 15.0
2016 31.0 15.0
2017 31.0 17.0
2018 30.0 15.0





