किडनी कांड में आरोपियों को लेकर हुआ चौंकाने वाला खुलासा, अब सामने आया इस बड़े कारोबारी का नाम

किडनी कांड की जांच में रायबरेली के बछरावां कस्बे के एक बड़े कारोबारी का नाम सामने आया है। कारोबारी ने लखनऊ के एक डोनर से किडनी खरीदी थी। पुलिस कारोबारी और डोनर के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने लखनऊ निवासी वरदान और शीबू उर्फ शोएब को गवाह बनाया है। गिरोह से जुड़े तीन और लोग लखनऊ के हैं। इसमें राजा, रईस और आनंद कुमार शामिल हैं।
एसआईटी में शामिल एक जांच अधिकारी के मुताबिक इन सभी लोगों के संपर्क में एक और डोनर कादिर भी था। कादिर ने बछरावां निवासी एक बड़े कारोबारी को उसका रिश्तेदार बन किडनी बेची थी। पुलिस कादिर को तलाश रही है। उसको पकड़ने के बाद कारोबारी तक पहुंचेगी।
नाम असली है या बदला हुआ, स्पष्ट नहीं
जांच अधिकारी के मुताबिक यह पूरी जानकारी किडनी डोनरों ने दी है। उसी आधार पर जांच की जा रही है। चूंकि सभी डोनर रिसीवर का रिश्तेदार बनकर किडनी बेचते थे। उसमें उनके असली नाम भी बदले जाते थे।





