एयर स्ट्राइक के बाद सीएम कैप्टन आज करेंगे सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा

पुलवामा हमले के जवाब में मंगलवार को भारतीय वायु सेना की एयर स्ट्राइक के बाद पंजाब ने अपने सीमावर्ती छह जिलों फिरोजपुर, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट और फाजिल्का में हाई अलर्ट कर दिया है। ताजा स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने सीमावर्ती जिलों के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस प्रमुखों को नागरिकों के जान-माल की हिफाजत करने के लिए पुख्ता कदम उठाने के लिए कहा है।
बैठक के बाद सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री बुधवार को खुद पठानकोट से फिरोजपुर तक सड़क मार्ग से दौरा करेंगे। मीटिंग में यह बात भी सामने आई कि फिलहाल किसी तरह का कोई खतरा नहीं है और सीमावर्ती इलाकों के निवासियों को वहां से न हटाने का फैसला लिया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने निजी सचिव सुरेश कुमार, मुख्य सचिव करन अवतार सिंह, गृह सचिव एनएस कलसी, डीजीपी दिनकर गुप्ता और डीजीपी इंटेलिजेंस वीके भावरा समेत पुलिस और सिविल प्रशासन के सीनियर अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति के सभी पक्षों पर विचार किया।
बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने बताया कि कैप्टन ने अधिकारियों को स्थिति पर करीब से नजर रखने और सुरक्षा-चौकसी में किसी भी तरह ढील न बरतने के निर्देश दिए।
कैप्टन ने राजनाथ से की बात
इसके अलावा राज्य सरकार केंद्रीय गृह और रक्षा मंत्रालयों के साथ संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी बातचीत की।
भारतीय वायुसेना ने बड़ा मोर्चा मारा है। वायु सेना ने पाकिस्तान और इसकी शरण वाले आतंकवादियों को संदेश दिया है कि वे यह न सोचे कि पुलवामा जैसे दहशती हमले के बाद वे भाग कर निकल जाएंगे। इस कार्रवाई के लिए मैं वायुसेना के जवानों की पुरजोर हिमायत करता हूं। – कैप्टन अमरिंदर सिंह का ट्वीट





