एयर स्ट्राइक से भारत ने पुलवामा का लिया बदला, अब हैं शहीद के परिवारीजन को हाफिज सईद की मौत का इंतजार

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में 44 शहीद में से उत्तर प्रदेश के 12 के परिवार के लोग आज लाइन ऑफ कंट्रोल पर भारतीय वायुसेना की आतंक के अड्डों पर कार्रवाई से थोड़ा संतुष्ट तो हैं, लेकिन यह लोग अभी और बड़ी कार्रवाई चाहते हैं। शहीद सीआरपीएफ के जवान के परिवार के लोगों को अब हाफिज सईद की मौत का इंतजार है।
पुलवामा में शहीद भारतीय जवानों की तेरहवीं से एक दिन पहले आज तड़के भारतीय वायुसेना ने लाइन ऑफ कंट्रोल पर आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप पर 21 मिनट तक बमबारी की। जिससे बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए हैं। एयर स्ट्राइक से भारत ने पुलवामा का बदला लिया है। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायु सेना ने लाइन ऑफ कंट्रोल को क्रॉस कर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के कई लांच पैड को तबाह किया है। भारतीय वायु सेना के मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने आज तड़के मुजफ्फराबाद, बालाकोट और चकोटी के कई ठिकानों पर बमबारी की। सुबह 3.30 बजे हुई इस एयर स्ट्राइक में करीब 200-300 आतंकियों के मारे जाने की खबर है। विमानों ने आतंकी कैंप पर करीब 1000 किलोग्राम के बम बरसाए। इसमें जैश के अल्फा-3 के कंट्रोल रूम तबाह हो गए हैं।
शहीद रमेश के परिजनों को सर्जिकल स्ट्राइक की खबर ने दी तसल्ली
पुलवामा में शहीद वाराणसी के रमेश यादव के बड़े भाई राजेश यादव ने कहा कि मोबाइल पर न्यूज चैनल देख रहा हूं। पूरा परिवार इस वक्त गंगा किनारे रमेश के अंतिम के संस्कार के तहत नारायनी संस्कार में शामिल है। गांव के भी लोग मौजूद हैं। बता नहीं सकता कि पाकिस्तान पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक की खबरों को देखकर दिल का कितनी तसल्ली मिल रही है। भारत सरकार ऐसे ही लगातार पाकिस्तान और आतंकवादियों को जवाब देता रहे। रमेश के परिजनों का कहना है कि भारत सरकार को सबसे पहले कश्मीर में बैठे अलगाववादियों पर भी शिकंजा कसना चाहिए। वहां की अशांति की जड़ में अलगाववादी ही हैं। परिवार वालों ने कहा कि आज वायुसेना की इस बड़ी कार्रवाई से थोड़ी रहत मिली है, लेकिन अभी भी हम पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है। यह कार्रवाई तब तक जारी रहनी चाहिए जब तक की पाकिस्तान से आतंकवाद का नमो निशान मिट नहीं जाता। शहीद रमेश यादव के साले राहुल यादव ने कहा कि वायुसेना के कार्रवाई की खबर मिली है। अभी हम संतुष्ट नहीं हैं। सिर्फ दो-तीन सौ आतंकी नहीं 3000 को मरना है। अभी और कार्रवाई चाहिए। हमले तब तक होते रहना चाहिए जब तक कि आतंकवाद खत्म नहीं हो जाता।
सेना ने अब जो शुरू किया है, उसे रोकना नहीं चाहिए
कन्नौज के शहीद प्रदीप सिंह के भाई कुलदीप ने इस कार्रवाई पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा सेना ने अब जो शुरू किया है, उसे रोकना नहीं चाहिए। कार्रवाई जब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक कि उनका जड़ से सफाया न हो जाए। सेना के इस कदम ने सिर्फ उनका ही नही देश के सभी शहीदों के परिजनों और देश के लोगों का सर गर्व से ऊंचा किया है। वहीं उनके पिता अमर सिंह का कहना है, सेना की कार्रवाई से वो खुश हैं, मगर हमें इतने मात्र से खुश होकर नहीं बैठ जाना चाहिए। अब जो शुरू किया है उस मिशन को खत्म कर ही बैठें। उन्होंने ये भी कहा, पाकिस्तान जैसे देश से हर तरह के संबंध खत्म कर देने चाहिए। अब किसी भी तरह की बातचीत न हो।
शहीद अवधेश के पिता ने कहा, ऐसे ही मिले करारा जवाब
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए अवधेश कुमार यादव के पिता हरकेश यादव ने कहा कि भारतीय सेना की कार्रवाई पर मुझे गर्व है। इससे बड़ी कार्रवाई की जरूरत है।
पाकिस्तान और आतंकियों को ऐसा करारा जवाब मिलना चाहिए कि वे फिर कभी भारतीय जवानों पर हमले की बात सपने में भी न सोच सकें। सेना जवानों के शहादत का बदला अपने तरीके से ले रही है।
इंतजार उस दिन का जब पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद की मौत होगी
पुलवामा में शहीद कानपुर देहात के श्याम बाबू की पत्नी रूबी ने कहा कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ इससे भी बड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें इंतजार उस दिन का हैं जब पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद की मौत होगी। उन्होंने पीएम मोदी को संदेश देते हुए कहा कि जैसा मेरे साथ हुआ है ऐसा किसी के साथ ना हो। रूबी कहती हैं कि हम मोदी सरकार से यहीं कहेंगे खून का बदला खून से ले।
सरकार से ऐसी ही उम्मीद थी
शहीद श्यामबाबू के पिता रामप्रसाद को सुबह जैसे ही गांव के कुछ लोगों ने जानकारी दी तो कुछ देर के लिए चुप रहे और उनके आंखों से आंसू बह चले। उन्होंने कहा कि देश ने अपने खोये लालों का बदला ले लिया, पाकिस्तान को उसकी औकात बता दी, शहीद के भाई कमलेश ने कहा, भारतीय सेना ने मेरे शहीद भाई का बदला ले लिया है, शहीद की पत्नी रूबी ने कहा, पति तो वापस नहीं आ सकते लेकिन भारतीय सेना ने जो किया उससे देश का सिर ऊंचा हो गया है।
पाकिस्तान को एक बड़ा संदेश जाए
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में देवरिया के शहीद विजय कुमार मौर्य की पत्नी विजय लक्ष्मी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को पुलवामा हमले के पीछेमोस्ट वांटेड आतंकी और मास्टरमाइंड हाफिज सईद को मौत के घाट उतार देना चाहिए। जिससे पाकिस्तान को एक बड़ा संदेश जाए।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इस हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत ने इस हमले का बदला लेने के लिए अपने सुरक्षाबलों को खुली छूट दे दी है।





