मोदी के विकास एजेंडे को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा अकाली दल

पंजाब में अकाली दल और भाजपा के बीच मनमुटाव की छिड़ी बहस के बीच दोनों दलों ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति का प्रारंभिक एलान कर दिया। दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन में किसी भी तरह के विवाद को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता अटूट है और लोकसभा चुनाव में दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। शिअद मुख्यालय में देर शाम तक चली दोनों दलों की तालमेल कमेटी की बैठक के बाद अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अकाली दल 10 और भाजपा 3 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।मोदी के विकास एजेंडे को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा अकाली दल

उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार के खिलाफ पंजाब के लोगों में रोष है और यह लोकसभा चुनाव में सबके सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल व भाजपा की ओर से 2 मार्च को कैप्टन सरकार के खिलाफ प्रदेश भर के सभी हलकों में विश्वासघात दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान लोगों को कांग्रेस द्वारा किए गए झूठे वादों और सत्ता हासिल करने के लिए मूर्ख बनाने वाली बातों की जानकारी दी जाएगी। सुखबीर बादल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंजाब और देश के लिए किए गए विकास कार्यों के साथ उतरेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी केंद्र सरकार ने पंजाब में बेहतरीन काम करवाए हैं। इनमें श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हाल में केंद्र द्वारा लाए गए बजट में किसानों समेत सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है जो केंद्र सरकार की उपलब्धि है। बैठक में यह भी फैसला किया गया कि गठबंधन के रूप में अकाली-भाजपा द्वारा एकजुट होकर चुनाव प्रचार किया जाएगा। दोनों पार्टियों के नेताओं ने कहा कि उनके बीच गठबंधन केवल एक सियासी गठबंधन ही नहीं है बल्कि प्रदेश के अमन और सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा के लिए एक सामाजिक वचनबद्धता भी है।

सुखबीर बादल ने बताया कि दोनों दलों ने फैसला किया है कि जिला स्तर और हलका स्तर पर दोनों दलों की तालमेल कमेटियों का गठन किया जाएगा और इन तालमेल कमेटियों को दोनों दलों के प्रधान संबोधित करेंगे।

Back to top button