UP: इस शहर में धड़ल्ले से चल रहा ‘मौत का कारोबार’, सर्च ऑपरेशन में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

यूपी के बांदा जिले में शुक्रवार रात एडीएम और एएसपी के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ अभियान शुरू किया गया। यहां 15 टीमों ने अलग-अलग स्थानों से 100 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही टीम ने 2 क्विंटल लहन नष्ट किया।
एएसपी एलबीके पाल ने बताया कि रात 11 बजे से अवैध शराब के खिलाफ अभियान शुरू हुआ था। जिसमें बांदा के चकचटगन गांव में केन नदी बालू में दबे प्लास्टिक डिब्बों में भरी 30 लीटर अवैध शराब और 150 किलोग्राम लहन बरामद किया गया है।
तिंदवारी, बदौसा, मटौंध, चिल्ला आदि क्षेत्रों में भी पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार आबकारी टीम ने कई जगहों पर छापा मारा।
टीम ने नदी किनारे आबाद कई घरों में भी दबिश दी। टीम को घरों में भी भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने अभी एक व्यक्ति को ही अवैध शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया है। अभी जिले में छापेमारी अभियान जारी है।





