‘ट्रेन 18’ पर पथराव, खिड़की का कांच टूटा

देश की सबसे तेज ट्रेन 18 पर शुक्रवार रात को दिल्ली-लाहौरी गेट पोस्ट पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इससे एक कोच की खिड़की टूट गई। इससे पहले 20 दिसंबर को भी दिल्ली-आगरा रूट पर पथराव हुआ था। रेल मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार सुबह 6.35 बजे ट्रेन को ट्रायल रन के लिए दिल्ली से वाराणसी रवाना किया गया। यह तय वक्त से पहले दोपहर 2.30 बजे वाराणसी पहुंच गई।
नॉर्थन रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सुरक्षा दल ने ट्रेन पर पथराव की होने की सूचना दी। डीएलटी (दिल्ली लाहौरी गेट) पोस्ट के तहत सदर इलाके के पास ट्रेन के दूसरे डिब्बे को पत्थर लगा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन-18 में मौजूद रेल कर्मी ने सुरक्षा दल को सूचना दी कि कोच संख्या 188320 की खिड़की के शीशे पर पत्थर मारा गया है। इससे पहले 20 दिसंबर को भी दिल्ली से आगरा के बीच ट्रायल रन के दौरान इस ट्रेन पर पथराव किया गया था।
देश की पहली इंजन रहित ट्रेन 18 पूरी तरह से वातानुकूलित और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें फ्री वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है। इसमें चेयर कार के एग्जिक्यूटिव और नॉन एग्जिक्यूटिव कोच हैं।





