यशवंत सिन्हा का मोदी पर निशाना, बोले भाजपा में कोई नहीं उठा सकता आवाज

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ और तेज-तर्रार नेता रह चुके यशवंत सिन्हा इन दिनों खुलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोल रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विपक्ष चुनौती बना हुआ है वहीं दूसरी तरफ उनके अपने भी खुलकर बोल रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर से निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने सबको मैनेज करके रखा हुआ है। कोई भी उनके खिलाफ आवाज नहीं उठा सकता।
पीएम मोदी ने लोगों के विश्वास के साथ धोखा किया और सब बर्बाद कर दिया
लोकसभा चुनाव 2014 का जिक्र करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि उस समय देश की जनता ने पार्टी को जबरदस्त जनादेश दिया था और वो भाजपा की ऐतिहासिक जीत थी इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन पीएम मोदी ने लोगों के विश्वास के साथ धोखा किया और सब बर्बाद कर दिया। सिन्हा ने यह सारी बातें एक इंटरव्यू के दैरान कहीं।
ये भी पढ़ें :-शकुंतला मिश्रा विवि के प्रोफेसर ने योगी को तोता व ममता बनर्जी को बताया दुर्गा
1000 के बदले 2000 का नोट लाई, इसमें क्या तर्कसंगत था?
लालकृष्ण आडवाणी के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब ऐसा कुछ नहीं था। तब सब साथ मिलकर चलते थे। हर कोई पार्टी में अपनी बात रखता था। कई मुद्दों पर चर्चा होती थी और हर खबर पर ध्यान दिया जाता था लेकिन मोदी ने सब बिखेर दिया। नोटबंदी पर बोलते हुए सिन्हा ने कहा कि मोदी के इस फैसले से जनता का उनसे मोहभंग हुआ। 1000 के बदले 2000 का नोट लाई, इसमें क्या तर्कसंगत था। छोटे व्यापारियों को नुकसान हुआ लेकिन मोदी ने उनका हाल जानने या समझने तक की कोशिश नहीं की।
अगर मोदी को सत्ता से हटाना है तो उत्तर प्रदेश में तीनों एक साथ हो जाओ
उल्लेखनीय है कि यशवंत सिन्हा भाजपा के बागी नेता बन चुके हैं। हाल ही के दिनों में उन्होंने सपा और बसपा को गठबंधन में कांग्रेस को शामिल करने की सलाह दी थी। उनका कहना था कि अगर मोदी को सत्ता से हटाना है तो उत्तर प्रदेश में तीनों एक साथ हो जाओ।





