बड़ी खुशखबरी: ग्रुप-डी भर्ती में सिलेक्ट आवेदकों को अब नहीं लेनी होगी एनओसी

सरकार ने इन युवाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए निर्णय लिया है। अब वह अपनी योग्यता के अनुसार आगे बढ़ें, इसके लिए उन्हें सरकार से एनओसी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री सोमवार को करनाल के पंडित चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय महारोजगार मेला के समापन अवसर पर युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को साक्षात्कार के समय उनके अनुभव के अंक भी दिए जाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत एक साल नौकरी करने पर आधा अंक और दस साल के अनुभव के 5 अंक दिए जाएंगे। सरकार का एक ही लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में कम से कम एक व्यक्ति को अवश्य रोजगार मिले। इसके तहत हाल ही में चतुर्थ श्रेणी में 18 हजार 218 भर्ती किए गए युवाओं में से 12 हजार ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके घर में से एक भी व्यक्ति सरकारी नौकरी पर नहीं था।
जींद में होगी बीजेपी की जीत, अपने समय पर होंगे लोकसभा व विधान सभा के चुनाव
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि जींद पर बीजेपी का फूल खिलेगा और भारी मतों से बीजेपी ही जीतेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपने समय पर ही लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होंगे। इस अवसर पर करनाल की मेयर रेनु बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, एसपी एसएस भौरिया, महासचिव योगेंद्र राणा, भाजपा मीडिया प्रवक्ता शमशेर नैन, अशोक भंडारी, रोजगार विभाग की संयुक्त निदेशक दर्शना भारद्वाज, उपनिदेशक सुमन गहलोत, जिला रोजगार अधिकारी नीरज जिंदल व मनोज ग्रोवर सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





