‘अबकी बार हिंदू सरकार’ नारे के साथ चुनाव में उतरेंगे तोगड़िया…

इसके लिए वे प्रदेश में घूम-घूमकर किसानों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसी सिलसिले में 29 जनवरी को वे लखनऊ में शहीद स्मारक के पास गांधी भवन में किसानों को संबोधित करेंगे।
दरअसल, तोगड़िया ने 9 फरवरी को दिल्ली में सम्मेलन बुलाकर अपनी सियासी पार्टी की घोषणा का एलान कर रखा है। इसके लिए वे देशभर से लोगों को बुला रहे हैं। लखनऊ से पहले वे 28 जनवरी को गोलागोकर्णनाथ में भी किसानों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कानपुर में भी वे 30 जनवरी को सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
संगठन के प्रदेश महामंत्री संगठन वेद सचान ने आरोप लगाया कि सरकार बनने से पहले भाजपा ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था। लेकिन सरकार बनने के बाद किसानों को धोखा दिया गया। जिस समर्थन मूल्य को लेकर सरकार किसानों की भलाई का दावा कर रही है। वह भी किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं दिला पा रहा है। देश की आबादी में 70 प्रतिशत किसान हैं। इसलिए डॉ. तोगड़िया ने किसानों की समस्याओं पर संघर्ष शुरू किया है।





