बेटे की जमानत के लिए पिता ने उठाया ये खौफनाक कदम…

बाहरी जिला स्पेशल स्टाफ ने ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो अपने बेटे को जमानत पर छुड़ाने के लिए दोबारा जुर्म की दुनिया में कूदा था। पुलिस ने उसे एक अन्य सहयोगी के साथ लूटपाट और झपटमारी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी जमुना दास (बदला नाम) अमन विहार का घोषित बदमाश है। सहयोगी संजय है। पुलिस ने इनके पास से 19 मोबाइल फोन व चोरी की एक स्कूटी बरामद की है।
जिला पुलिस उपायुक्त सेजू पी. कुरुविला ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक सुखबीर मलिक ने एक सूचना के बाद सुल्तानपुरी जलेबी चौक पर घेराबंदी कर स्कूटी से आए बदमाशों को दबोच लिया। जांच में पता चला कि स्कूटी पश्चिम विहार इलाके से चुराई गई है। तलाशी में इनसे 19 मोबाइल फोन मिले। इन्हें बेचने के लिए ही वे सुल्तानपुरी आए थे। जांच में पता चला कि जमुना दास अमन विहार थाने का घोषित बदमाश है। संजय सुल्तानपुरी का रहने वाला है।
जमुना दास ने पुलिस को बताया कि गत वर्ष अक्तूबर में झपटमारी के दौरान उसके नाबालिग बेटे और उनके सहयोगियों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब बेटे को जमानत पर छुड़ाने के लिए वह ताबड़तोड़ वारदात कर रहा था।





