भाजपा नेता के घर हुई छापेमारी में करोड़ों की जमीन और इतना सोना हुआ बरामद

 देहरादून। भाजपा नेता अनिल गोयल के घर छापेमारी के दौरान करोड़ों की जमीन सामने आई है। आयकर विभाग ने छापेमारी के दौरान गोयल परिवार के पास से करीब 300 जमीनों की रजिस्ट्री बरामद की थी। प्रधान निदेशक आयकर(जांच) अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को आयकर विभाग ने भाजपा नेता अनिल गोयल और गर्ग परिवार के 13 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे थे। छापे के दौरान 70 लाख रुपये और ज्वैलरी के अलावा जमीनों के 300 कागज भी मिले थे। छापेमारी पूरी होने के बाद अब इन कागजों का मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है।
ये भी पढ़े :-भोपाल पर मंडरा रहा भगवा खतरा, भाजपा ने हारने के तेज किए प्रयास 
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में गोयल परिवार की करोड़ों की प्रॉपर्टी सामने आई है। इन जमीनों में चेक के अलावा कैश भी भुगतान किया गया है, जिसका कोई हिसाब अभी तक नहीं मिल पाया है। आयकर विभाग ने छापेमारी के दौरान भाजपा नेता अनिल गोयल के प्रतिष्ठानों से पांच किलो सोना भी बरामद किया था। अब इसमें से 4.750 किलो सोना परिवार में सदस्य के हिसाब से बांट दिया गया है। नियम के हिसाब से आयकर विभाग के हाथ अब 250 ग्राम ज्वैलरी आई है। यह ज्वैलरी आयकर विभाग ने जब्त कर ली। बाकी की लौटा दी गयी है।
ये भी पढ़े :-लोकसभा चुनाव 2019 : आज से 50 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी भाजपा 
आयकर सूत्रों के मुताबिक, जो जमीनों के कागज सामने आए हैं, उनकी जांच में बेनामी संपत्ति की दिशा में भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक ऐसी कोई संपत्ति सामने नहीं आई है। अगर आती है तो उसी हिसाब से कार्रवाई जारी की जाएगी।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, जांच पड़ताल के दौरान गोयल और गर्ग परिवार के 10 लॉकर सामने आए थे। इन सभी लॉकर में सोना बताया जा रहा है। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चूंकि नियम के हिसाब से परिवार के सभी सदस्यों को ज्वैलरी बांट दी गई है। अब लॉकर में मौजूद पूरा सोना जब्त किया जाएगा।

Back to top button