उपेंद्र तिवारी ने दिया गठबंधन पर बयान, कहा – सपा-बसपा का गठबंधन नहीं, ठगबंधन है

हाथरस। सपा-बसपा का महागठबंधन नहीं है, यह ठग बंधन हैं, जो जनता को ठगने के लिए किया गया है। यह बातें जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने लूटपाट करने वालों पर अकुंश लगाने का काम किया है। गलत काम करने वालों का एक-एक आदमी का जेल में जाने का समय आ गया है, इसलिए मोदी को रोकने के लिए इस तरह के गठबंधन किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े :-दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल नहीं लड़ेंगे आगामी आम चुनाव
उन्होंने कहा कि 1993 में सपा और बसपा जिस स्थिति में थी, उस स्थिति में आज सपा-बसपा नहीं हैं, जबकि उस समय जिस स्थिति में भाजपा थी, आज उससे आज कहीं बेहतर स्थिति में भाजपा है। हमारी सरकार ने अपनी योजनाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार हैं। चाहे सपा हो या बसपा दोनों पार्टियां अपने अस्तित्व को बचाने में जुटी हुई हैं।
ये भी पढ़े :-राजनीति में आयेगी देवगौड़ा परिवार की तीसरी पीढ़ी, इतनी सीटों पर होगी देवगौड़ा परिवार की दावेदारी
उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। लोकसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद उत्तर प्रदेश और देश के लोग जानेंगे कि सपा बसपा गठबंधन में ताकत है, या फिर मोदी में ताकत है। उन्होंने कहा कि 2022 में किसानों की आय दोगुनी हो जाए, इसके लिए पीएम मोदी खाका तैयार करने में लगे हुए हैं। इसके लिए स्टे्रक्चर तैयार किया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सवर्ण में गरीब तबके के लोगों को आरक्षण की जरुरत है। इसलिए सबका साथ सबका विकास की नीति पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिवपाल की वजह से इस बार पांच सीटें भी नहीं मिल पाएंगी। एक सवाल के जबाव में उन्होंने पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज में प्रदेश में खनन घोटाला हुआ और जमकर लूटपाट हुई। उन्होंने कहा कि 1989 में देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पूरे देश का सर्वे कराया था, जिसमें यह सामने आया था कि दिल्ली से एक रुपया चलता है तो गांव के गरीब आदमी तक 15 पैसे पहुंचते हैं, 85 पैसे कमीशन खोरी में चले जाते है। आज दिल्ली से अगर एक रुपया भी चलता है, तो किसान, गरीब के खाते में सीधे एक रुपया ही पहुंचता है।





