अखिलेश ने जताई उम्मीद, ताजनगरी से प्रेम-मोहब्बत का पाठ पढ़कर जाएंगे PM मोदी

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगरा दौरे पर समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री ताजनगरी से प्रेम-मोहब्बत का पाठ पढ़कर जाएंगे। यहां के आसपास के इलाकों में आलू ,गन्ने और धान के किसानों के दुख-दर्द भी उनको याद आएगा। उन्होंने कहा कि पहले कभी भी दिल्ली से उत्तर प्रदेश इतना दूर पहले कभी नहीं रहा कि उसके बदहाल किसानों और व्यापारियों की हालत देश के मुखिया को दिखाई न दे। उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी आज आगरा में करीब पांच हजार करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। उनकी इस रैली को चुनावी अभियान की शुरुआत की तरह भी देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने लोगों तक पहुंचने के लिए अपना जन अभियान शुरू कर दिया है। यह समाजवादी विकास विजन और सामाजिक न्याय जन अभियान 20 जनवरी तक चलेगा। जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण सुविधा देने की मांग को लेकर एक लाख गांवों में संपर्क सभाएं आयोजित की जाएगी। जिनमें भाजपा सरकार की नाकामियों के साथ चुनावी घोषणाएं पूरी न किए जाने की जानकारी गांव-गांव तक दी जाएंगी। सभी 403 विधानसभा सीटों पर गत सात जनवरी से जारी अभियान में मंगलवार को सैकड़ों गांवों में सपा कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया।
भाजपा कर रही वर्गों को बांटने की साजिश
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अभियान में सपा शासन की उपलब्धियों का प्रचार भी किया जा रहा है। आम जनता तक यह संदेश भी पहुंचाया जा रहा है कि प्रदेश में योगी सरकार का मुख्य एजेंडा विकास नहीं होकर केवल समाज बांटना है। सपा शासन काल में तत्कालिक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मुख्य लक्ष्य विकास था। उनके कार्यकाल अद्वितीय विकास से जनता को सीधा लाभ पहुंचा, तब की अनेक परियोजनाएं भाजपा सरकार अभी तक पूर्ण नहीं करा सकी है। इस समय भाजपा आरक्षण को विभिन्न वर्गों में बांटने की साजिश की जा रही है। एक ओर प्रदेश की 15 प्रतिशत आबादी को 50 फीसद आरक्षण का लाभ मिल रहा हैं, दूसरी ओर 85 प्रतिशत आबादी केवल 50 फीसद आरक्षण में ही सीमित की जा रही है। यह प्राकृतिक न्याय नहीं, सपा का मानना है कि देश की सभी जातियों की गणना करके जनसंख्या के अनुपात में हक और सम्मान मिलना सुनिश्चित हो। आबादी के आधार पर आनुपातिक आरक्षण देने की व्यवस्था हो ताकि सब को न्याय मिल सके।
सपा बसपा के मेल से भाजपा डरी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा -बसपा द्वारा मिलकर लोकसभा चुनाव लडऩे की खबरों से डरी भाजपा विपक्ष को बदनाम करने की कुचेष्टा कर रही है। सत्ता का दुरुपयोग करने में भाजपा ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए। सरकार के मंत्री मर्यादित आचरण नहीं कर रहे। जनता में गुस्सा है, आगामी लोकसभा चुनाव में सबक मिलेगा कि 50 वर्ष सत्ता में रहने का सपना चकनाचूर हो जाएगा।
उम्मीद है देश के प्रधान ताजमहल से प्रेम-मोहब्बत का पाठ पढ़कर जाएँगे और अपने आनंद-विहार के बाद यहाँ के आसपास के आलू ,गन्ने और धान के किसानों के दुख-दर्द भी उनको याद आएँगे. दिल्ली से यूपी इतना दूर पहले कभी न था कि उसके बदहाल किसानों और व्यापारियों की देश के सिरमौर को ख़बर न हो. pic.twitter.com/gRfZuKsRHB
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 9, 2019
भाजपा सरकार की नाकामियां गिनाएंगे





