कल्याण सिंह की कोठी पर नगर निगम ने लगाया तोड़ने का निशान…

मैरिस रोड पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की निजी कोठी पर जिला प्रशासन का अतिक्रमण अभियान ठिठक गया है। मैरिस रोड पर इस कोठी के कारण ही अभियान ठहर गया है। इस कोठी पर पहले लाल निशान के साथ 0.50 लिख कर यह दर्शाया गया था कि इतना अतिक्रमण है। दूसरे दिन ही इसको मिटा कर क्रॉस का निशान लगा दिया गया। कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि क्रॉस का निशान का मतलब है सुरक्षित। यानी अब वहां अतिक्रमण नहीं हटेगा। कल्याण सिंह की कोठी पर नगर निगम ने लगाया तोड़ने का निशान...

नगर निगम की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। वहीं, नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल के इलाहाबाद में होने के बाद उप नगर आयुक्त अजीत राय ने कहा है कि अतिक्रमण नियमानुसार ही हटेगा। इसमें कोई दो राय नहीं है। नगर निगम ने कोई भी निशान नहीं मिटाया है।

मैं इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक संपत्ति विवाद की सुनवाई में हाजिर हुआ था। मंगलवार को अलीगढ़ पहुंच कर ही पूरा प्रकरण जानने के बाद कुछ स्पष्ट कर पाऊंगा। अतिक्रमण हटाने में नियमों का पूरा पालन होगा। भेदभाव नहीं होगा। 
-सत्य प्रकाश पटेल नगर आयुक्त।

नगर निगम ने मैरिस रोड की पैमाइश में जो निशान नक्शे के अनुसार लगाए गए है। उसी के अनुसार अतिक्रमण हटाया जा रहा है। नगर निगम ने कोई निशान नहीं मिटाया है। पहले स्वत: अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया है। इसके बाद जब भी अभियान चलेगा तो अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसको लेकर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। 
-अजीत राय, उप नगर आयुक्त।

14 मीटर तक चौड़ा होगा रसलगंज 
नगर निगम के कर निधार्रण अधिकारी सभापति यादव ने बताया है कि रसलगंज में पुराने 1936-38 के राजस्व नक्शे के अनुसार अतिक्रमण हटेगा। अभी जनता को स्वयं ही हटाने का मौका दिया गया है। जिससे उनका कम से कम नुकसान हो। बुधवार तक यहां अभियान की शुरुआत होगी। रसलगंज चौराहे से बारहद्वारी तक नक्शे के अनुसार कहीं 10 मीटर तो कहीं 12 मीटर और कहीं 14 मीटर तक सड़क चौड़ी होगी। पहले से ही निशान लगा दिये गए हैं। 

Back to top button