व्यापारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, वैट के सालाना रिटर्न की अंतिम तारीख अब 31 जनवरी

प्रदेश भर के लाखों व्यापारी जीएसटी पोर्टल फेल होने के कारण वैट के तहत किए गए कारोबार का सालाना रिटर्न दाखिल कर नहीं कर पाए। इनमें काफी संख्या में लखनऊ के व्यापारी भी शामिल हैं। रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर को खत्म हो गई। 
वाणिज्य कर विभाग ने अगर यह तिथि नहीं बढ़ाई तो व्यापारियों को जुर्माना भरना होगा। इसलिए अब व्यापारियों को जुर्माने का डर सता रहा है।
बता दें, एक जुलाई 2017 को जीएसटी लागू हुआ था। व्यापारियों ने वर्ष 2017 में अप्रैल से जून तक वैट के तहत कारोबार किया था। इसी अवधि का सालाना रिटर्न दाखिल करने के लिए 31 दिसंबर अंतिम तिथि तय थी।
दरअसल, एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार करने वाले व्यापारियों का ऑडिट होना है। इसलिए व्यापारी सप्ताह भर से रिटर्न दाखिल करने के लिए जीएसटी पोर्टल से जूझ रहे थे।





