2019 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे प्रकाश राज, ट्वीट कर दी जानकारी

अभिनेता प्रकाश राज ने मंगलवार को घोषणा की है कि वह 2019 में होने वाला आम चुनाव लड़ेंगे। वह स्वतंत्र उम्मीदवार को तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। प्रकाश राज से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उनके कर्नाटक से चुनाव लड़ने की संभावना है।
उन्होंने 1 जनवरी को ट्वीट कर कहा, “सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं… एक नई शुरुआत… अधिक जिम्मेदारियां… आपके समर्थन के साथ मैं आगामी संसदीय चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ूंगा। निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी जल्द। अब की बार जनता की सरकार।”
प्रकाश अपने भाजपा विरोधी रुख के लिए जाने जाते हैं। वह रजनीकांत और कमल हासन के बाद तीसरे प्रमुख अभिनेता हैं जो राजनीति में आए हैं। उन्होंने इससे पहले कहा था कि जिस तरह के हिंदुत्व का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रसारण कर रही है, वह भारत में काम नहीं करेगा।
उन्होंने कहा था, “वह (भाजपा) कहते हैं, मैं हिंदू विरोधी हूं। मैं मोदी विरोधी हूं, मैं हेगड़े का विरोधी हूं, मैं अमित शाह विरोधी हूं। और मेरे अनुसार, वो हिंदू नहीं हैं।” इससे पहले वह गाय और गो मूत्र पर दिए अपने बयान के कारण भी विवादों में आ चुके हैं।





