गुंडा टैक्स वसूलने में पूर्व सांसद अतीक अहमद के दो गुर्गे पकड़े गए, एसयूवी बरामद

प्रयागराज के पूर्व सांसद अतीक अहमद के इशारे पर उसके गुर्गों ने कृष्णानगर इलाके के प्रॉपर्टी डीलर को अगवा करके रंगदारी मांगी और उसकी एसयूवी छीन ली। उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतीक व उसके बेटे उमर की तलाश में पुलिस की टीम प्रयागराज भेजी गई है।
कृष्णानगर के प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह ने बताया कि इलाके में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर मोहित जायसवाल को प्रयागराज के पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद के गुर्गों ने अगवा किया। उनसे रंगदारी मांगी। गुंडा टैक्स न देने पर जान से मारने की धमकी के साथ एसयूवी लूट ली।
धमकी से बुरी तरह सहमे मोहित ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई। अतीक व उसके बेटे उमर और साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस टीम ने सिल्वर अपार्टमेंट में दबिश दी।
वहां से सुल्तानपुर के गुलाम मुइनुद्दीन और प्रतापगढ़ के पट्टी थाने के कंजा सराय गुलामी निवासी इरफान को गिरफ्तार किया गया। अपार्टमेंट से मोहित की एसयूवी बरामद हुई। अतीक, उमर व उनके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीम प्रयागराज गई है।





