नए साल में होगी पीएम मोदी की रैली, पंजाबियों को देंगे ‘पर्सनल टच’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए वर्ष पर पंजाबियों को ‘पर्सनल टच’ देंगे। इसके साथ ही वह लोकसभा चुनाव के लिए माहौल गर्मा देंगे। गुरदासपुर में 3 जनवरी को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धन्यवाद रैली के साथ ही पंजाब में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज जाएगा। करतारपुर कॉरिडोर को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा की जा रही रैली पंजाब में अकाली दल और भाजपा की दिशा तय करेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि इस रैली में प्रधानमंत्री के तरकश में वह सारे तीर होंगे जिससे वह पंजाबियों के दिलों को छू सकें।नए साल में होगी पीएम मोदी की रैली, पंजाबियों को देंगे 'पर्सनल टच'

 कांग्रेस के गढ़ गुरदासपुर में 3 जनवरी को गरजेंगे प्रधानमंत्री, लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल बजाएंगे

अहम पहलू यह है कि प्रधानमंत्री की धन्यवाद रैली के लिए भाजपा ने वह जिला चुना है जो वर्तमान में कांग्रेस का गढ़ है। गुरदासपुर से कांग्रेस के तीन कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा व अरुणा चौधरी हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ भी यहीं से सांसद हैं। भाजपा से चार बार सांसद रहे विनोद खन्ना के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जाखड़ करीब दो लाख मतों से जीते थे।

कांग्रेस के गढ़ में प्रधानमंत्री द्वारा 1984 में सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाए जाने की पूरी संभावना है। कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को दिल्ली से मिली उम्र कैद की सजा का मुद्दा उठा प्रधानमंत्री कांग्रेस के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।

करतारपुर कॉरिडोर, 1984 दंगों पर बनी एसआइटी जैसे तीर होंगे तरकश में

प्रधानमंत्री की रैली जहां भाजपा में अलख जगाएगी वहीं, अकाली दल के लिए भी यह खासी महत्वपूर्ण है। 1984 के दंगों के मामले में आए अदालत के फैसलों के बाद अकाली दल की पंजाब में गतिविधियां बढ़ गई हैं। अकाली दल ने इस मामले में कांग्रेस को घेरना भी शुरू कर दिया है, जबकि इससे पहले अकाली दल खुद ही पंथक मुद्दों पर घिरा हुआ नजर आ रहा था। 1984 के मुद्दे ने अकाली दल को नई राह दे दी है। शायद इसीलिए अकाली दल भी पूरे जोरशोर से गुरदासपुर रैली की तैयारियों में जुटा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि 2014 में भी मोदी ने गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आते माधोपुर (पठानकोट) में रैली करके चुनावी बिगुल बजाया था। भाजपा के प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  पंजाबियों की 70 वर्ष पुरानी करतारपुर कॉरिडोर की मांग को पूरा किया है। इसके अलावा गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर श्री गुरु ग्र्रंथ साहिब को विश्व की सभी भाषाओं में अनुवाद करवाने का फैसला लिया है। इंग्लैंड और कनाडा में गुरु नानक देव जी के नाम पर चेयर भी स्थापित की जा रही है। मलिक ने दावा किया कि इससे पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ। 

मोदी ने बनाई एसआइटी तब मिला दंगा पीडि़तों इंसाफ : मलिक

श्वेत मलिक का कहना है कि 1984 के दंगा पीडि़तों को तब ही इंसाफ मिला जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एसआइटी का गठन किया। कांग्रेस सरकार 34 सालों से मामले को न सिर्फ दबाकर बैठी हुई थी बल्कि दोषियों का पूरा समर्थन भी कर रही थी। सज्जन कुमार को मिली सजा इस बात का सबूत है और इससे बड़ा कोई सबूत नहीं है।

Back to top button